राजनांदगांव

प्राण-प्रतिष्ठा पर नांदगांव में जलेेंगे 5 लाख दीए, और दिग्विजय स्टेडियम में जलेंगे 3 लाख
31-Dec-2023 4:13 PM
प्राण-प्रतिष्ठा पर नांदगांव में जलेेंगे 5 लाख दीए, और दिग्विजय स्टेडियम में जलेंगे 3 लाख

मानव मंदिर और गंज लाईन तक एक-एक लाख दीये सडक़ पर होंगे प्रज्जवलित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
राजनांदगांव, 31 दिसंबर।
अयोध्या में 22 जनवरी को प्रभु रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर शहर  भी राममय हो गया है। इस दिन का बेसब्री से लोगों को इंतजार है। हिन्दूवादी संगठनों से लेकर भगवान राम के अनुयायी महोत्सव को व्यापक स्तर पर मनाने के लिए कई तरह के उपाय कर रहे हैं। 

अयोध्या में राम मंदिर निर्माण की प्रक्रिया लगभग अंतिम दौर में है। पूरे देश में प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के लिए हर तबका उत्साहित है। इसी कड़ी में शहर के चौक-चौराहों को भी दीये से प्रकाशित किया जाएगा। इसके पीछे राम मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा को एक पर्व के रूप में मनाना है।

इस संबंध में संस्कारधानी सनातन समिति के जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने बताया कि रामलला की प्रतिष्ठा को लेकर बरसों से लोगों को इंतजार है। भगवान राम के गर्भगृह में स्थापना एक स्वप्न की तरह है। 

इधर,  शहर के अलग-अलग वार्डों और मोहल्लों में रामलला की स्थापना को लेकर विभिन्न आयोजन किए जा रहे हैं। घर-घर जाकर अक्षत से लोगों को आयोजन में शामिल होने के लिए न्यौता दिया जा रहा है। 

बताया जा रहा है कि बाल मंडल, गौ सेवा समिति, सनातन महासभा, शनिदेव धाम, बागेश्वर धाम व प्रेस क्लब द्वारा भी भगवान राम की जन्मभूमि में होने वाले आयोजन को लेकर तैयारी की जा रही है। आयोजन को लेकर समितियों ने स्थानीय दिग्विजय स्टेडियम मे 3 लाख दीये प्रज्जवलित करने का संकल्प लिया है। वहीं मानव मंदिर से जयस्तंभ चौक तक और भारत माता चौक से गंज चौक तक एक-एक लाख दीये सडक़ में प्रज्जवलित किए जाएंगे। इसके लिए प्रशासन से भी मदद ली जा रही है। 22 जनवरी को इन रास्तों में आवाजाही बंद रहेगी। दिग्विजय स्टेडियम में एक साथ 3 लाख दीयों का जलना एक ऐतिहासिक अवसर होगा। 

बताया जा रहा है कि समितियों की ओर से हर वर्ग के प्रत्येक नागरिक से 100-100 दिये दान स्वरूप लेकर प्रज्जवलित करने की अपील की जा रही है, वहीं कई प्रबुद्ध लोगों ने 50-50 हजार दीये भी समितियों को दान दिया है। महिलाओं की भी इस आयोजन में अहम भूमिका है। मोहल्लों और अन्य क्षेत्रों की महिलाओं को भी जिम्मेदारी दी गई है। 

महिला मंडली भगवान राम की स्तुतिगान कर भक्तिमय माहौल बना रही हंै। जिस दिन भगवान राम अयोध्या में विराजेंगे, उस दिन शहर में गीत-संगीत का आयोजन होगा। माना जा रहा है कि यह दिन एक तरह से भगवान राम को समर्पित किया जाएगा। भक्तिमय गीतों और संगीतों की प्रस्तुति देने के लिए शहर के कई कलाकार भी आगे आने लगे हैं। इस तरह यह दिन दिवाली पर्व के जश्न जैसा माहौल में डूबा रहेगा।

कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए संतोष पटाक, सूरज खंडेलवाल, मौसमी शर्मा, प्रियंक सोनी, जयनारायण सिंह, जितेन्द्र सिंह, दुर्गेश यादव समेत अन्य लोग जुटे हैं।


अन्य पोस्ट