राजनांदगांव

संस्कारधानी की जनता को पैसों से नहीं खरीदा जा सकता - रमन
16-Dec-2023 3:25 PM
संस्कारधानी की जनता को पैसों  से नहीं खरीदा जा सकता - रमन

रमन का शहर में ऐतिहासिक स्वागत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 16 दिसंबर।
भाजपा के नवनिर्वाचित विधायक डॉ. रमन सिंह का ऐतिहासिक मतों से विजयी होने के बाद प्रथम शहर आगमन पर क्षेत्र की जनता ने उनका अभूतपूर्व स्वागत किया। रोड-शो के मार्ग को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, क्षेत्रीय विधायक डॉ. रमन सिंह के विशाल एवं आकर्षक कटआउट एवं फ्लैक्स, भाजपा के झंडे-तोरण, गुब्बारों के माध्यम से खूबसूरत तरीके से सजाया गया था। रोड-शो के सडक़ के दोनों ओर आम जनता की भीड़ उमड़ी हुई थी। माताएं, बहने एवं बच्चे घर के  छतों से हाथ हिला-हिलाकर व फूल बरसाकर डॉ. रमन सिंह के कारवां का अभिनंदन स्वागत कर रही थी।

डॉ. सिंह भाजपा कार्यालय पहुंचे तो भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोशीला स्वागत किया। नारेबाजी के साथ आतिशबाजी की गई। डॉ. सिंह रैली के साथ परशुराम चौक पहुंचे, फिर मठपारा होते हुए लखोली नाका पहुंचने पर भीड़ ने उनका ऐतिहासिक स्वागत किया। यहां डॉ. सिंह फूलों व भाजपा के झंडों से सजी खुली जीप में सवार हुए। इस दौरान उनके साथ जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश पटेल, वरिष्ठ नेता खूबचंद पारख, संतोष अग्रवाल, कोमल सिंह राजपूत, भावेश बैद सहित कुछ नेता सवार हुए।

मिली जानकारी के अनुसार रमन सिंह का कारवां गंज चौक पहुंचा तो वहां आम जनता एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। गंज चौक में डॉ. सिंह ने अपने उद्बोधन में अपनी विजय के लिए आम जनता के प्रति आभार व्यक्त किया। रैली के आगे युवा मोर्चा के कार्यकर्ता वाहनों में नारेबाजी कर रहे थे। जिसका नेतृत्व  मोनू बहादुर सिंह, गोलू सूर्यवंशी, सुमीत भाटिया, किशुन यदु के साथ अन्य कार्यकर्ताओं ने जिंदाबाद के नारे लगाए। पूर्व सांसद अभिषेक सिंह भी कार्यकर्ताओं के बीच पैदल चलते आम जनता का अभिवादन किया।

जुलूस में पूर्व सांसद मधुसूदन यादव,  भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश पटेल, पूर्व अध्यक्ष संतोष बघेल, सचिन बघेल, भावेश बैद, नीलू शर्मा, आशीष जैन, गोलू सूर्यवंशी, इरफान खान सहित अन्य नेतागण शामिल थे। गंज लाइन, तिरंगा चौक, भारतमाता चौक, आजाद चौक, सिनेमा लाइन, मानव मंदिर चौक में स्वागत मंच बनाकर नागरिकों, व्यापारिक संगठनों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने जुलूस में उपस्थित सभी का पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया।  मानव मंदिर चौक में जबर्दस्त  आतिशबाजी कर भव्य स्वागत किया गया। इसके पश्चात् जुलूस अपने अंतिम पड़ाव गुरूद्वारा चौक की ओर आगे बढ़ गया। यहां  डॉ. सिंह का भव्य अभिनंदन स्वागत हुआ।

स्वागत पश्चात डॉ. सिंह ने  कहा कि वे राजनांदगांव की जनता के सदैव ऋणी रहेंगे, जितना प्यार, दुलार, आशीर्वाद एवं स्नेह मुझे यहॉ के लोगों ने दिया, उसका कर्ज मंै कभी नहीं चुका पाऊंगा। क्षेत्र की जनता ने मुझे राजनीतिक पुर्नजन्म दिया है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजनांदगांव आकर बड़े दंम के साथ घोषणा की थी कि राजनांदगांव से मेरे मित्र गिरीश देवांगन नहीं वे स्वयं चुनाव लड़ रहे हैं, उनके दंम को जनता ने धूल-धूसरित कर दिया। चुनाव के एक रात्रि पहले कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने बोरों में भरकर नोट खुलेआम बांटे। उन्होंने डॉ. सिंह को हराने तरकश का कोई तीर नहीं बचाया, वे साम, दाम, दंड-भेद पूरी तरह अनीति पर उतर आए, किन्तु वे भूल गए कि यह नगरी संस्कारधानी के नाम से जानी जाती है, साहित्य, कला व क्रीड़ा की नगरी के लोगों को कदापि खरीदा नहीं जा सकता। अपने वोट के जरिये लोगों ने कांग्रेस को करारा जवाब दिया है।

डॉ. सिंह ने बताया कि जनता के आशीर्वाद से क्षेत्र के 223 बूथों में से 199 बूथों में भाजपा ने बढ़त बनाकर पिछली बार के 17,000 मतों से लगभग तीन गुना 45,000 वोटों से विजयी हुए हैं।  अब आगामी लोकसभा चुनाव मे प्रदेश की 11 में 11 सीटों पर भाजपा के विजयी होने एवं देश में पुन: तीसरी बार नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनाने हेतु आम जनता एवं कार्यकर्ता अभी से अपना मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि उनका रोम-रोम राजनांदगांव क्षेत्र की जनता की विकास के लिए सदैव समर्पित रहेगा। 

उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों  में क्षेत्र में ठप्प पड़े विकास कार्य को प्रारंभ कर शीघ्र पूरा किया जाएगा। पार्टी के आदेश पर अब वे विधानसभा अध्यक्ष के नाते पूरे प्रदेश के साथ क्षेत्र की सेवा करेंगे। विकास एवं उन्नति का मार्ग फिर से खुल गया है, इसमें कोई कमी आने वाले समय में नहीं रहेगी। मार्ग में महाकाल परिवार द्वारा 50 से अधिक ढोल-नंगाड़े बजाते पवन डागा के नेतृत्व में डॉ. सिंह का स्वागत किया गया। आभार सभा के पश्चात् डॉ. सिंह नगर की कुलदेवी शीतला मंदिर में पूजन-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। 
 


अन्य पोस्ट