राजनांदगांव

हार-जीत के साथ बनेंगे रिकार्ड
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 30 नवंबर। विधानसभा चुनाव के परिणाम के लिए महज तीन दिन का वक्त शेष रह गया है। चुनावी नतीजों को लेकर राजनीतिक दलों के अलावा आम लोग भी परिणाम के इंतजार में है। तीन दिसंबर यानी रविवार को चुनावी नतीजों पर छाई धुंध दोपहर तक साफ हो जाएगी।
राजनांदगांव लोकसभा की सभी 8 विधानसभा सीटों के नतीजे आएंगे। नतीजे के साथ सभी विधानसभा में छाई धुंध साफ हो जाएगी। समूचे लोकसभा में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, मोहम्मद अकबर जैसे चर्चित राजनेताओं की किस्मत का ताला खुलेगा। यह बात तय है कि चुनाव परिणाम किसी भी दल के पक्ष में हो, रिकार्ड बनना तय है। 7 नवंबर को हुए पहले चरण के चुनाव में राजनांदगांव और बस्तर की 20 सीटों पर मत पड़े थे। राजनीतिक दलों के बीच जोरदार मुकाबला भी हुआ। भाजपा और कांग्रेस के बीच मुख्य मुकाबला रहा। तीसरे दलों की उपस्थिति बेअसर रही। इस लोकसभा की सभी सीटों पर भाजपा-कांग्रेस ने अपने-अपने प्रत्याशियों को जीताने के लिए पूरा जोर लगाया।
कांग्रेस ने जहां राहुल गांधी व प्रियंका गांधी के जरिये अपने पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश की। वहीं भाजपा ने अमित शाह, योगेन्द्र आदित्य व हेमंत विश्वा की सभाओं के जरिये जान फूंकने की कोशिश की। इधर बसंतपुर स्थित वेयर हाउस के गोदाम में मतों की गणना होगी।
रविवार सुबह 8 बजे से गिनती शुरू होते ही कुछ घंटों के भीतर रूझान मिलने लगेंगे। दोपहर तक सूबे में किसकी सरकार बन रही है वह भी लगभग स्पष्ट हो जाएगा।
इधर विधानसभा चुनाव के मतगणना के लिए प्रशासन की तैयारी भी लगभग पूरी हो गई है। प्रशासन ने मतगणना स्थल में 200 से ज्यादा कर्मचारियों को तैनात किया है। आयोग ने कुछ नए सर्कुलर के तहत मतगणना स्थल में बेहतर इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। इस बीच मंडी स्थित गोदाम में मतगणना के लिए व्यापक व्यवस्था की जा रही है। नए नियम के तहत राजनीतिक दलों के नेताओं को मिले गनमैन की सुविधा पर भी मतगणना स्थल पर प्रतिबंध लगाया गया है। चुनाव आयोग नए नियमों के आधार पर सख्ती से व्यवस्था को दुरूस्त करने के मूड़ में दिख रहा है।
हरेक विधानसभा के लिए 18 एजेंट की पात्रता तय की गई है। जिसमें 14 टेबलों पर नजर आएंगे। राजनांदगांव जिले के सभी 4 सीटों की गिनती 3 दिसंबर 2023 को सुबह 8 बजे से शुरू होगी। मोहला-मानपुर विस के लिए जिला मुख्यालय मोहला के लालश्याम कॉलेज को मतगणना स्थल के रूप में तब्दील किया गया है। इधर खैरागढ़ मुख्यालय में विधानसभा की गिनती के लिए पिपरिया स्थित गोदाम को चुना गया है।