राजनांदगांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 16 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं वीर शहीदों की याद में कलेक्टोरेट परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर सदस्य राजगामी संपदा न्यास मिहिर झा और कलेक्टर डोमन सिंह ने कलेक्टोरेट परिसर में भव्य शक्ति द्वार का लोकार्पण किया एवं छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा की स्थापना के लिए भूमिपूजन किया।
राजनांदगांव जिला निर्माण के 50 वर्ष पूर्ण होने की स्मृति को चिरस्मरणीय बनाए रखने के लिए रानी सूर्यमुखी देवी राजगामी संपदा न्यास निधि द्वारा 6 लाख 45 हजार रुपए की लागत से निर्मित भव्य शक्ति द्वार का निर्माण किया गया है। साथ ही कलेक्टोरेट परिसर में रानी सूर्यमुखी देवी राजगामी संपदा न्यास निधि द्वारा 9 लाख 77 हजार रुपए की लागत से छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा की स्थापना की जाएगी। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ अमित कुमार उपस्थित थे।
इस अवसर पर राजगामी संपदा न्यास के सदस्य मिहिर झा ने कहा कि हमें कभी इस बात को ध्यान नहीं देना चाहिए कि हमारे पूर्वज ने विरासत में क्या छोड़ कर गए। हमको तो ध्यान देना है हम आने वाली पीढ़ी के लिए क्या विरासत में छोडक़र जाएंगे। उन्होंने कहा कि युगों-युगों तक लोग राजगामी और राजगामी के सदस्यों को याद करते रहेंगे। एसडीएम अरूण वर्मा ने कहा कि कलेक्टर डोमन सिंह कहते हैं कि लोग इतिहास पढ़ते हैं, हमें इतिहास रचना चाहिए।
संयुक्त कलेक्टर खेमलाल वर्मा ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर इंदिरा नवीन प्रताप सिंह, उप संचालक समाज कल्याण बीएल ठाकुर, उप संचालक कृषि नागेश्वर लाल पांडे, कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास गुरप्रीत कौर, कार्यपालन अभियंता ग्रामीण यांत्रिकी सेवा आरआर खरे सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।