राजनांदगांव

राहुल के पक्ष में अदालती फैसले पर कांग्रेस में जश्न
05-Aug-2023 4:06 PM
राहुल के पक्ष में अदालती फैसले पर कांग्रेस में जश्न

दिग्गज नेताओं ने कहा : सर्वोच्च न्यायालय का फैसला भाजपा पर करारा तमाचा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 5 अगस्त। मोदी उपनाम को लेकर  सर्वोच्च न्यायालय ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी  को राहत देकर उनकी संसद सदस्यता बहाल करने का मार्ग प्रशस्त किया है। देश के शीर्ष अदालत द्वारा राहुल गांधी के पक्ष में फैसला दिए जाने के बाद कांगे्रस में जश्न का माहौल है। वहीं राजनांदगांव के दिग्गज कांग्रेसी नेताओं ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करते अपनी प्रतिक्रया में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्र सरकार पर निशान साधा है।

‘छत्तीसगढ़’ से प्रतिक्रिया व्यक्त करते जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अध्यक्ष नवाज खान ने कहा कि  राहुल की संघर्ष यात्रा को एक तरह से सर्वोच्च न्यायालय  ने अपने फैसले के जरिये मुहर लगाया है। देश भली-भांति समझ चुका है कि गांधी के साथ ज्यादती हुई थी। सर्वोच्च न्यायालय ने अपने फैसले में यह साफ कर दिया कि न्याय अभी देश में जीवित है।

महापौर हेमा देशमुख ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते कहा कि गांधी को राजनीतिक साजिश के तहत  फांसने का काम केंद्र सरकार ने किया था। केंद्र इस बात से भयभीत है कि राहुल एक सशक्त राजनेता के तौर पर उभरे हैं। भाजपा ने षडयंत्र कर गांधी को मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया। देश की अदालत ने अपने फैसले के माध्यम से साजिशकर्ताओं को बेनकाब किया।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा ने कहा कि  राष्ट्रीय स्तर पर राहुल गांधी की साख मजबूत हुई है। भाजपा उनके बढ़ते जनाधार से घबरा गई है। गांधी को सजा देने का फरमान सर्वोच्च न्यायालय के फैसले से बेबुनियाद साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में न्याय का दीप हमेशा प्रज्जवलित होगा। सुप्रीम कोर्ट ने अपने निर्णय में यही संकेत दिया है।

युवा आयोग अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार ने कहा कि लोकतंत्र के दीये का लौ हमेशा प्रकाशमान रहेगा। गांधी भारत जोड़ो अभियान के तहत सामाजिक सदभाव और एकता का संदेश दे रहे हैं। जबकि देश विरोधी ताकतें गांधी के रास्ते में मुश्किलें खड़ी करने से बाज नहीं आ रही है। सुप्रीम कोर्ट का फैसला एक तरह से  केंद्र की मोदी सरकार और भाजपा के लिए करारा तमाचा है। गांधी हमेशा केंद्र से सवाल दागते रहेंगे। भाजपा के साजिश का पर्दाफाश सुप्रीम कोर्ट ने किया है।

कांग्रेस नेता मेहुल मारू ने कहा कि देश में विघटनकारी शक्तियों के लिए सुप्रीम कोर्ट का यह फैसला करारा जवाब है। गांधी की बढ़ती लोकप्रियता को एक साजिश के तहत कुचलने का प्रयास किया जा रहा है। देश में न्याय की व्यवस्था अभी भी एक स्तंभ के रूप में खड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के शिल्पकार गांधी हमेशा मोदी से उनके अडानी के साथ रिश्तों को लेकर आवाज उठाते रहेंगे।

राजगामी संपदा सदस्य रमेश खंडेलवाल ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र में न्याय का दीया हमेशा प्रज्जवलित रहेगा। यदि देश की जनता को अंधे राजा से न्याय नहीं मिल रहा है तो अदालत के निष्पक्ष फैसलों से न्याय मिलेगा। श्री खंडेलवाल ने कहा कि गांधी के बढ़ते जनाधार से भाजपा बेचैन है। सर्वोच्च न्यायालय ने फैसला देकर गांधी के व्यक्तित्व को निखारने का काम किया है।


अन्य पोस्ट