राजनांदगांव

ओवरब्रिज में रोज जाम से आवाजाही पर प्रतिकूल असर
07-Apr-2023 2:27 PM
ओवरब्रिज में रोज जाम से आवाजाही पर प्रतिकूल असर

भारी वाहनों के कारण बढ़ा दबाव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 7 अप्रैल।
चिखली-खैरागढ़ मार्ग स्थित ओवरब्रिज में रोजाना जाम के लगने से आवाजाही  को लेकर लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पिछले माह रेल्वे क्रॉसिंग को अंडरब्रिज निर्माण के लिए बंद करने के आदेश के कारण ओवरब्रिज पर  आवाजाही का दबाव बढ़ा है। बताया जा रहा है कि  अंडरब्रिज निर्माण के लिए रेल्वे प्रशासन ने एक साल  की समय-सीमा तय की है। अंडरब्रिज के तैयार होने तक ओवरब्रिज से गुजरने के लिए लोगों को जाम की समस्या से भी जूझना पड़ेगा। भारी और हल्के चार पहिया वाहनों के सिलसिलेवार आवाजाही से कभी भी जाम के हालात बन रहे हैं।

शहर के पटरीपार स्टेशनपारा, गौरीनगर, शंकरपुर चिखली इलाकों के बाशिंदों के लिए ओरब्रिज आवागमन का एकमात्र साधन होने से इसमें दबाव बढ़ गया है। रेल्वे मंडल द्वारा शहर के स्टेशनपारा  रेल्वे क्रॉसिंग में अंडरब्रिज का निर्माण प्रस्तावित है। वहीं इसके निर्माण के लिए करीब एक वर्ष का वक्त  निर्धारित किया गया है। ऐसे में एक साल तक पटरीपार  इलाकों से शहर आवागमन करने वालों के लिए मुश्किलें बढ़ गई है। ऐसे में पैदल से लेकर मोटर साइकिल और छोटे चार पहिया वाहनों से यात्री बसें और अन्य बड़े वाहनों के चलने से ओवरब्रिज में यातायात का दबाव बढ़ गया है। करीब 40 साल पुराने ओवरब्रिज में अचानक ट्रेफिक का दबाव बढऩे से यातायात अव्यवस्थित हो गया है। रोजाना कई बार जाम की स्थिति बन रही है। वहीं ओवरब्रिज से गुजरने वाले लोगों को टे्रफिक जाम से परेशानी उठानी पड़ रही है। ओवरब्रिज के रास्ते पटरीपार बसे शहर की एक बड़ी आबादी शहर का रूख करती है। वहीं खैरागढ़, कवर्धा से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों के लोग भी ओवरब्रिज के जरिये ही शहर में दाखिल होते हैं।

गौरतलब है कि 01 मार्च  से अंडरब्रिज के निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। बताया जा रहा है कि केंद्र सरकार ने अंडरब्रिज के प्रारंभिक कार्य के लिए 7 करोड़ रुपए स्वीकृत किए हैं। स्टेशनपारा रेल्वे क्रॉसिंग  के लिए अंडरब्रिज की यह दूसरी सौगात होगी। इससे पहले मोतीपुर रेल्वे क्रॉसिंग का वैकल्पिक रास्ते के रूप में अंडरब्रिज तैयार किया गया है।

पिछले कुछ सालों से राजनांदगांव शहर की आबादी चौतरफा बढ़ी है। पटरीपार बड़ी आबादी बसी हुई है। वहीं पटरीपार से सटे बस्तियों और देहात क्षेत्रों के लोगों की भी क्रॉसिंग पार कर शहर में आवाजाही रहती है।  रेल्वे क्रॉसिंग के बंद होने से एक बड़ी आबादी को ओवरब्रिज से आवाजाही करनी पड़ रही है। जिससे ओवरब्रिज में वाहनों का दबाव बढ़ गया है। ऐसी स्थिति आगामी एक वर्ष यानी अंडरब्रिज के निर्माण होने तक बनी रहने की संभावना है।

 


अन्य पोस्ट