राजनांदगांव
.jpg)
चोरों ने तीन घरों में तोड़े ताले, मंदिर की दानपेटी से 20 हजार पार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 27 जुलाई। शहर के रिहायशी कॉलोनी नेहरू नगर में बीते दो-तीन दिनों से सिलसिलेवार चोरी की घटनाओं को रोकने में पुलिस नाकाम रही है। चोरों का हौसला इस कदर हावी है कि तीन दिन के अंतराल में मंदिर और घरों में बेखौफ ताले तोड़े गए। चोरी की घटना को लेकर कॉलोनी के बाशिंदों ने पुलिस की कमजोर गश्त को लेकर सवाल उठाए।
मिली जानकारी के मुताबिक नेहरू नगर शहर के रिहायशी कॉलोनी में से एक है। कॉलोनी में डॉक्टर से लेकर अन्य संभ्रात परिवार के लोग निवासरत हैं। शनिवार को जहां तीन मकानों में चोरों ने सेंधमारी की है। वहीं तीन दिन पहले कॉलोनी के शिव मंदिर के दानपेटी से भी 20 हजार रुपए चोरों ने पार कर दिया।
बतया जा रहा है कि शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात को एक दंत चिकित्सा छात्र के घर से चोरी की गई है। वहीं तीन दिनों से अलग-अलग घरों में चोरी की घटनाएं हुई है। बताया जा रहा है कि शिव मंदिर के दानपेटी में कॉलोनी की महिला समूह द्वारा आपसी चंदा एकत्रित कर 20 हजार रुपए रखा गया था। मौका देखकर चोरों ने उक्त रकम को पार कर दिया है। शहर में चोरी की वारदातों में इजाफा हो रहा है। पुलिस की सुरक्षा बढ़ती वारदातों के चलते धरी की धरी रह गई है।
8वीं बटालियन के घर चोरी के आरोपी अब भी गिरफ्त से बाहर
कड़ी सुरक्षा वाले 8वीं बटालियन के परिसर में चोरी की घटना के आरोपी अब तक पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। हालांकि पुलिस ने दावा किया था कि चोर जल्द ही पुलिस के सपड़ में आ जाएंगे। सप्ताहभर पहले बटालियन के जवानों के घर में अज्ञात चोरों ने सेंधमारी की घटना को अंजाम दिया था। यह दूसरी बार है, जब चोरों ने जवानों के घरों को निशाना बनाया। करीब दो साल पहले भी लाखों रुपए की चोरी की घटना परिसर के भीतर हुई थी। इस मामले में भी पुलिस के हाथ खाली है। बहरहाल 8वीं बटालियन की चोरी की घटना ने पुलिस के लिए चुनौती खड़ी कर दी है।