राजनांदगांव

घर-घर जाकर सूचनाओं का संकलन युद्ध स्तर पर करने की आवश्यकता-कलेक्टर
05-Apr-2023 3:29 PM
घर-घर जाकर सूचनाओं का संकलन युद्ध  स्तर पर करने की आवश्यकता-कलेक्टर

कुसमी-भानपुरी में किया निरीक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 5 अप्रैल। कलेक्टर डोमन सिंह ने डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम कुसमी एवं भानपुरी में छत्तीसगढ़ सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण 2023 का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को कार्य में प्रगति लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने ग्रामीण क्षेत्रों में किए जा रहे सर्वेक्षण के लिए टीम को आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि छत्तीसगढ़ सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण 2023 शासन का एक महत्वपूर्ण कार्य है। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का जनसामान्य के जीवन स्तर पर पड़े प्रभाव का आकलन कर, प्राप्त डाटा का भविष्य में योजनाओं के बेहतर कियान्वयन तथा नई योजनाओं के निर्माण हेतु उपयोग किया जाना है। इस दृष्टिकोण से गंभीरतापूर्वक कार्य करने की आवश्यकता है।

कलेक्टर सर्वेक्षण के दौरान ग्रामीणजनों से रूबरू हुए और उन्हें सर्वेक्षण के संबंध में जानकारी दी तथा सभी को इस कार्य में सहयोग करने तथा आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि घर-घर जाकर महत्वपूर्ण सूचनाओं व जानकारी का संकलन तथा संग्रहण युद्ध स्तर पर करने की आवश्यकता है, ताकि निर्धारित समय पर कार्य पूर्ण हो सके। सर्वेक्षण में लगे सभी प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों को उन्होंने प्रोत्साहित किया। इस कार्य को नई ऊर्जा, उत्साह एवं लगन के साथ कार्य करने कहा। कलेक्टर ने सर्वेक्षण में आ रही समस्याओं के संबंध में चर्चा की तथा समाधान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राशन कार्ड, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, मकान नंबर, पिन कोड, मकान में बिजली की सुविधा, आधार कार्ड सहित सभी महत्वपूर्ण जानकारी अच्छी तरह से एण्ट्री करने के लिए निर्देश दिए।

जिला पंचायत सीईओ अमित कुमार द्वारा राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम बम्हनीभांठा में छत्तीसगढ़ सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण 2023 महाभियान को गति प्रदान करने समीक्षा और रैली कार्यक्रम आयोजित किया। इस अभियान में जनसामान्य को सर्वेक्षण के संबंध में जानकारी दी गई और उन्हें सही जानकारी देने तथा सहयोग की अपील की गई। जिला पंचायत सीईओ ने मकान नंबरिंग से लेकर सर्वेक्षण प्रपत्र ऑनलाईन करना जैसी बारीक तकनीक के बारे में समझाया गया। उन्होंने स्वयं ऑनलाईन एंट्री कर, परिवार की फोटो खिंचकर ऑनलाईन अपलोड किया।

 जिससे जागरूकता बढ़ी तथा सर्वेक्षण की गति स्वस्फूर्त बढ़़ी। एसडीएम राजनांदगांव अरूण वर्मा के प्रयासों से अभियान को तेज गति मिली। पंचायत प्रतिनिधि, जिला पंचायत की टीम सक्रियतापूर्वक कार्य कर रही है।


अन्य पोस्ट