राजनांदगांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 25 अक्टूबर। महिलाओं ने रविवार को करवा चौथ पर्व पर निर्जला व्रत रखकर सौभाग्यवती और पति के दीर्घायु की कामना लिए पूजा-अर्चना की। दिनभर व्रत रखने के बाद महिलाओं ने रात में चंद्र दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और अपने पति के हाथ से पानी पीकर व्रत तोड़ा।
करवा चौथ व्रत को लेकर विवाहित महिलाओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। पति की दीर्घायु व स्वास्थ्य पर आधारित करवा चौथ को लेकर रविवार सुबह से ही सुहागिनें व्रत की तैयारियों में जुटी हुई थीं। विवाहित महिलाएं स्नान, ध्यान व श्रृंगार कर पतियों के साथ शिवालयों व अन्य मंदिरों में पहुंचकर पूजा कर निर्जला व्रत प्रारंभ किया। दिनभर सुहागिन महिलाओं ने व्रत के नियमों का पालन करते जल भी ग्रहण नहीं किया।
मौसम साफ होने और पति के सही समय पर घर लौटने के बाद महिलाओं ने छलनी की ओट से पहले चंद्रमा और फिर अपने पति के दर्शन किए। तत्पश्चात तुलसी चौरा पर भगवान गौरी-गणेश की पूजा-अर्चना की और पति के हाथों पानी पीकर व्रत खोला।
वहीं रविवार सुबह से ही बाजार में पर्व पर पूजा-अर्चना के लिए खरीदी के लिए चहल-पहल भी नजर आई। शहर के जयस्तंभ चौक में पूजन सामग्रियों के लिए बड़ी संख्या में दुकानदारों ने दुकानें लगाई थी।