रायपुर

खरोरा से गिरौदपुरी धाम तक 2 से निकलेगी सर्व समाज सद्भावना पदयात्रा
28-Nov-2026 7:10 PM
खरोरा से गिरौदपुरी धाम तक 2 से निकलेगी सर्व समाज सद्भावना पदयात्रा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

तिल्दा नेवरा, 28 नवंबर। सामाजिक समरसता और गुरु घासीदास बाबा के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 2 से 6 दिसंबर तक खरोरा से गिरौदपुरी धाम तक पांच दिवसीय पदयात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन के प्रमुख राज्य अनुसूचित जाति आयोग के उपाध्यक्ष वेदराम मनहरे हैं। यात्रा की तैयारियों को लेकर खरोरा नगर में सर्व समाज के पदाधिकारियों और सदस्यों की बैठक आयोजित कर व्यवस्थाओं पर निर्णय लिए गए।

यात्रा के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक अनुज शर्मा, विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष गौरी शंकर अग्रवाल सहित साहू, सतनामी, कुर्मी, यादव, निषाद, पटेल, धीवर, देवांगन और पाल समाज के प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। अतिथिगण 2 दिसंबर को दोपहर 1 बजे खरोरा से हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना करेंगे।

इस पदयात्रा में सर्व समाज के प्रतीक के रूप में सात ध्वज शामिल रहेंगे, जिन्हें विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि पूरी यात्रा के दौरान अग्रिम पंक्ति में लेकर चलेंगे।

पहले दिन 2 दिसंबर  दोपहर 1 बजे खरोरा से यात्रा प्रारंभ होकर ग्राम भैंसा पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम, भजन-कीर्तन और स्वागत कार्यक्रम होगा। दूसरे दिन (3 दिसंबर)- भैंसा से पलारी तक। तीसरे दिन (4 दिसंबर)- पलारी से बलौदाबाजार तक। चौथा दिन (5 दिसंबर)-बलौदाबाजार से कसडोल तक। पांचवां दिन (6 दिसंबर)- कसडोल से पैदल यात्रा करते हुए काफिला गिरौदपुरी धाम पहुंचेगा। आयोजक एवं अनुसूचित जाति आयोग के उपाध्यक्ष वेदराम मनहरे ने कहा कि यह यात्रा छत्तीसगढ़ की सर्व समाज समरसता की झलक है और खरोरा से गिरौदपुरी धाम तक सर्व समाज के सात ध्वज एकता, प्रेम और सद्भाव का संदेश देंगे। उन्होंने कहा कि यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है, और उन्होंने सर्व समाज के लोगों से अधिक संख्या में इस यात्रा में शामिल होने की अपील की।


अन्य पोस्ट