रायपुर

गरीब बच्चों से पढ़ाई छुड़ाना चाह रही है सरकार, स्कूलों का निजीकरण गलत फैसला-आप
28-Nov-2026 6:52 PM
गरीब बच्चों से पढ़ाई छुड़ाना चाह रही है सरकार, स्कूलों का निजीकरण गलत फैसला-आप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 28 नवंबर। आम आदमी पार्टी ने सरकार के उस निर्णय का विरोध किया है जिसमें सरकार सरकारी स्कूलों को निजी संस्थाओं को देने की तैयारी कर रही है। आप नेता प्रवक्ता विजय झा और  जयदीप खनूजा ने ने कहा कि  छत्तीसगढ़ में युक्तियुक्तकरण के नाम पर हजारों स्कूल को बंद कर देने के बाद अब सरकारी स्कूलों को 30 साल की लीज पर निजी संस्थाओं और एनजीओ को सौंपने की तैयारी पर आम आदमी पार्टी ने सवाल उठाते हुए कहा है कि आखिरकार सरकार सरकारी स्कूलों को मजबूत बनाने के बजाय उनके संचालन की जिम्मेदारी निजी हाथों में क्यों देना चाहती है? क्या सरकार यह मान चुकी है कि वह खुद बच्चों को अच्छी शिक्षा नहीं दे सकती!

उन्होंने बताया कि सरकार शैक्षणिक सत्र 2027-28 से प्रदेश के 5 संभागों के 2007 सरकारी स्कूलों को पीपीपी मॉडल पर चलाना चाहती है इनमें 103 प्राथमिक और 104 पूर्व माध्यमिक विद्यालय हैं,इनका संचालन रखरखाव और प्रबंधन निजी हाथों में होगा,लीज 30 साल की होगी जिसे 10 साल और बढ़ाया जा सकेगा। मतलब एक बार स्कूल निजी संस्था के हाथ में गया तो 40 साल तक निजी संचालन होगा। सरकार का तर्क है कि इन स्कूलों में सीबीएसई पैटर्न पर अंग्रेजी माध्यम की पढ़ाई होगी?

आप नेताओं ने कहा कि बात सुनने में अच्छी लगती है कि गरीब मां-बाप को अपने बच्चों को अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाने का सपना पूरा होगा लेकिन सवाल यह है की अंग्रेजी पढऩे के लिए स्कूल को ही बेचना क्यों जरूरी है? क्या सरकार अपने ही स्कूल में अंग्रेजी माध्यम शुरू नहीं कर सकती, क्या सरकारी शिक्षकों को ट्रेनिंग देकर अच्छी किताबें देकर उनको गैर शैक्षणिक कामों से मुक्त करके पढ़ाई का स्तर नहीं सुधार सकती।

 भवन तो सरकार का ही है शिक्षक भी सरकार के ही है बच्चे भी इसी प्रदेश के हैं फिर रोक किसने रखा है? सभी फैसले लेने का अधिकार , दाखिला, फीस, शिक्षक, पढ़ाई का तरीका सब निजी संस्था के हाथ में होगा तो स्कूल सरकारी कहां रह जाएगा? नाम का सरकारी, काम निजी। पार्टी ने सरकार से मांग की है कि गरीब बच्चों की शिक्षा को देखते हुए स्कूलों का निजीकरण ना किया जाये और सरकारी स्कूलों में सुगम, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने का प्रयास करना चाहिए।


अन्य पोस्ट