रायपुर
रायगढ़, 28 नवंबर। कोतवाली थाना क्षेत्र के नया जगतपुर स्थित ढिमरापुर ब्रेड फैक्ट्री के पास एक मकान में चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात व्यक्ति ने 24 नवंबर को सुबह 9.30 बजे से दोपहर 2.30 बजे के बीच प्लाई के दरवाजे में छेद कर घर में प्रवेश किया और सामान चोरी कर लिया।
पुलिस के अनुसार, नया जगतपुर निवासी थेओदोरा लकड़ा शासकीय हाई स्कूल गोरखा में प्राचार्य के पद पर पदस्थ हैं। 24 नवंबर की सुबह करीब 9.30 बजे वे घर में ताला लगाकर स्कूल गई थीं। दोपहर करीब 2.30 बजे लौटने पर आंगन का दरवाजा अंदर से बंद मिला, जिसे बच्चों के माध्यम से अंदर भेजकर खुलवाया गया।
अंदर सामान बिखरा मिला और जांच में लगभग 10 हजार रुपये मूल्य के सोने के कान के जेवर, 4 हजार रुपये की कार की बैटरी, काजू, बड़ी तथा अन्य घरेलू सामान गायब पाया गया।
चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 14 हजार रुपये बताई गई है। आसपास पतासाजी के बाद जानकारी न मिलने पर पीडि़ता ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 और 331(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।