रायपुर

प्रदेश में बढ़ी ठंड, 18 जिलों में शीतलहर जैसे हालात
28-Nov-2026 7:04 PM
प्रदेश में बढ़ी ठंड, 18 जिलों में शीतलहर जैसे हालात

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 28 नवम्बर। छत्तीसगढ़ में मौसम साफ होने के साथ ही ठंड का असर बढऩे लगा है। राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।ं उत्तर छत्तीसगढ़ में ठंड का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल रहा है। अंबिकापुर में 8.9 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। प्रदेश के 18 जिलों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से नीचे पहुंचने सुबह और रात में ठिठुरन बढ़ गई है।

मौसम विभाग के जारी आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान बलरामपुर-रामानुजगंज में दर्ज किया गया। इसके बाद अंबिकापुर में 8.9 डिग्री और सूरजपुर में 11.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। इसके अलावा गरियाबंद में 12.3 डिग्री, कोरबा में 12.5 डिग्री, रायगढ़ में 12.6 डिग्री और धमतरी में 13 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

 बस्तर संभाग में रात का तापमान अधिक बना हुआ है। सुकमा में न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तर और दक्षिण छत्तीसगढ़ के तापमान में अंतर साफ नजर आ रहा है।

राजधानी रायपुर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 0.7 डिग्री कम, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक रहा। दिन में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहने के बावजूद रात में ठंड का एहसास बढऩे लगा है।

मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश के न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई है। ऐसे में उत्तर छत्तीसगढ़ में ठंड का असर फिलहाल बना रह सकता है। मौसम साफ रहने के कारण रात के तापमान में गिरावट और सुबह-शाम ठिठुरन का दौर जारी रहने की संभावना है।


अन्य पोस्ट