रायपुर

कैशलैस चिकित्सा के दायरे में पेंशनरों को शामिल करने सीएम को फेडरेशन का पत्र
28-Nov-2026 7:03 PM
कैशलैस चिकित्सा के दायरे में पेंशनरों को शामिल करने सीएम को फेडरेशन का पत्र

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 28 नवंबर। छत्तीसगढ़ अधिकारी कर्मचारी फेडरेशन ने सेवारत अमले की तरह पेंशनरों को भी शासन द्वारा घोषित कैशलैस चिकित्सा सुविधा के दायरे में शामिल करने की मांग की है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को सौंपे ज्ञापन में फेडरेशन के संयोजक कमल वर्मा ने कहा कि  शासन द्वारा कर्मचारियों के लिए घोषित कैशलैस चिकित्सा सुविधा एक सराहनीय एवं जनकल्याणकारी पहल है। यह निर्णय निश्चित ही कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए कठिन समय में बहुत बड़ी राहत प्रदान करेगा।

इस महत्वपूर्ण योजना के दायरे में राज्य के पेंशनरों को भी शामिल किया जाए। आज महंगाई लगातार बढ़ रही है और इसके साथ ही इलाज का खर्च भी अत्यधिक बढ़ चुका है। जीवन भर शासन की सेवा करने के बाद जब कर्मचारी सेवानिवृत्त होकर पेंशनर बनते हैं, तब उम्र के इस पड़ाव में उन्हें सबसे अधिक चिकित्सा सुविधा की आवश्यकता होती है। दुर्भाग्यवश इसी समय इलाज का भारी खर्च उनके लिए एक बड़ी आर्थिक समस्या बन जाता है। एनपीएस, यूपीएस, ओपीएस  के दौर में कई पेंशनर ऐसे हैं जिनकी पेंशन सीमित है और गंभीर बीमारी या आकस्मिक उपचार की स्थिति में उन्हें अपने जीवनभर की बचत खर्च करनी पड़ती है या फिर कर्ज तक लेना पड़ जाता है। बुढ़ापे में आर्थिक चिंता और इलाज की असुविधा उनके जीवन को अत्यंत कठिन बना देती है।

वर्मा ने सीएम से कहा कि ये वही लोग हैं जिन्होंने अपने जीवन का स्वर्णिम समय राज्य की सेवा में समर्पित किया है। आज उन्हें केवल इतनी अपेक्षा है कि उनके जीवन के अंतिम चरण में शासन उन्हें स्वास्थ्य सुरक्षा का सहारा प्रदान करे। अवगत कराना चाहेंगे कि छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल अपने सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कैशलैस चिकित्सा सुविधा योजना का लाभ प्रदान कर रहा है। वहीं यह व्यवस्था भाजपा  और एनडीए शासित यूपी, आंध्र प्रदेश में लागू है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी पेंशनर्स फोरम आपसे करबद्ध निवेदन है कि मानवीय संवेदनाओं को ध्यान में रखते हुए, विद्युत मंडल की भांति छत्तीसगढ़ के सभी पेंशनरों को भी कैशलैस चिकित्सा सुविधा योजना के दायरे में शामिल करने की कृपा करें।


अन्य पोस्ट