रायपुर

कचना में राष्ट्रीय एससी-एसटी हब शुरू, मांझी ने किया उद्घाटन
28-Nov-2026 7:02 PM
कचना  में राष्ट्रीय एससी-एसटी हब शुरू, मांझी ने किया उद्घाटन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 28 नवंबर। एससी और एसटी के उद्यमियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने तथा उन्हें देश की औद्योगिक एवं व्यावसायिक मुख्यधारा से जोडऩे पर जोर देते हुए केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री  जीतन राम मांझी ने आज रायपुर में राष्ट्रीय एससी-एसटी हब कॉन्क्लेव का उद्घाटन किया। उन्होंने बैंकों और वित्तीय संस्थानों से पात्र उद्यमियों को ऋण उपलब्ध कराने तथा उन्हें कौशल विकास, सरकारी खरीद और बाजार के अवसरों से जोडऩे में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने  कचना  में राष्ट्रीय एससी-एसटी हब (एनएसएसएच) के नए कार्यालय का भी शुभारंभ किया। इस कार्यालय से छत्तीसगढ़ में योजना की पहुंच और गतिविधियों का विस्तार होने की उम्मीद है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए केवल वित्तीय सहायता पर्याप्त नहीं है। इसके साथ कौशल विकास, प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन, बाजार तक पहुंच और सरकारी खरीद में भागीदारी के अवसर भी उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने बैंकों और वित्तीय संस्थानों से आग्रह किया कि वे इच्छुक उद्यमियों को ऋण प्राप्त करने में अनावश्यक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े, इसके लिए उन्हें सक्रिय सहयोग और मार्गदर्शन प्रदान करें। छत्तीसगढ़ के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री  लखन लाल देवांगन ने कॉन्क्लेव को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार एससी और एसटी समुदायों के उद्यमियों को प्रोत्साहित करने तथा राज्य में औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों में छत्तीसगढ़ में 3,971 नए उद्योग स्थापित हुए हैं, जिनसे 54 हजार से अधिक लोगों को रोजगार के अवसर मिले हैं। इस अवधि में राज्य सरकार ने उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए लगभग 1,594 करोड़ रुपये की सब्सिडी भी प्रदान की है।

उन्होंने एससी और एसटी समुदायों के उद्यमियों से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने तथा छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

कॉन्क्लेव के दौरान विभिन्न विभागों, बैंकों, वित्तीय संस्थानों और संबंधित एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने उद्यमियों को उपलब्ध योजनाओं, वित्तीय सहायता, सरकारी खरीद की प्रक्रियाओं और व्यावसायिक अवसरों के बारे में जानकारी दी।


अन्य पोस्ट