रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 28 नवंबर। पंजाब के भटिंडा में आयोजित 44वीं जूनियर नेशनल सॉफ्टबॉल चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ की बालिका टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। टीम ने पिछले वर्ष कांस्य पदक जीता था। इस बार एक पायदान आगे बढ़ते हुए फाइनल तक का सफर तय किया। वहीं, बालक टीम ने भी शानदार खेल दिखाया, लेकिन चोट के कारण अहम मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। टीम चौथे स्थान पर रही।
बालिका वर्ग में छत्तीसगढ़ ने लीग के सभी मुकाबले जीतकर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। टीम ने उत्तराखंड को 15-0, महाराष्ट्र को 13-0, गत चैंपियन चंडीगढ़ को 1-0, आंध्र प्रदेश को 4-0 और मेजबान पंजाब को 9-4 से हराया। इसके साथ ही टीम सुपर लीग में अपने पूल में शीर्ष पर रही।
सेमीफाइनल में छत्तीसगढ़ को केरलम से 5-4 से हार मिली। इसके बाद दूसरे अवसर का लाभ उठाते हुए टीम ने राजस्थान को 10-4 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। खिताबी मुकाबले में छत्तीसगढ़ ने पहली इनिंग में तीन रन की बढ़त बनाई, लेकिन इसके बाद केरलम ने शानदार वापसी की। केरलम ने 10-3 से मुकाबला जीतकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। छत्तीसगढ़ को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। बालिका टीम की प्रशिक्षक सोनाली साव और प्रीति वर्मा थीं।
बालक वर्ग में छत्तीसगढ़ ने तेलंगाना को 5-0, हिमाचल प्रदेश को 10-0, केरलम को 3-0, आंध्र प्रदेश को 3-0 और ओडिशा को 2-0 से हराया। हालांकि, राजस्थान के खिलाफ टीम को 2-1 से हार मिली। सुपर लीग में पूल की रनरअप रहने के कारण छत्तीसगढ़ को दिल्ली के खिलाफ एक और मौका मिला।
पांच इनिंग के इस मुकाबले में तीन इनिंग तक छत्तीसगढ़ 5-2 से आगे था। राहुल एक्का ने दो होम रन और मोहित बाघ ने एक होम रन लगाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। इसी दौरान पिचर मयंक बाघ चोटिल हो गए। इसका फायदा दिल्ली की टीम को मिला और उसने वापसी करते हुए मुकाबला 10-8 से जीत लिया। इस तरह छत्तीसगढ़ की बालक टीम चौथे स्थान पर रही। बालक टीम के प्रशिक्षक बिरू बाघ और गौरव डहरिया थे।