रायपुर

दीपक टंडन और पत्नी बरखा टंडन को जेल, कमिश्नर ने कहा-दोनों से जुड़े अन्य लोगों को नोटिस
26-Nov-2026 7:23 PM
दीपक टंडन और पत्नी बरखा टंडन को जेल, कमिश्नर ने कहा-दोनों से जुड़े अन्य लोगों को नोटिस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 26 नवंबर। होटल कारोबारी दीपक उर्फ आंबेडकर टंडन और उसकी पत्नी बरखा टंडन को 28 नवंबर तक जेल भेज दिया गया है। दोनों की रिमांड खत्म होने के बाद पुलिस ने कोर्ट में पेश किया था। इस दौरान पुलिस ने रिमांड बढ़ाने का आवेदन नहीं दिया। दोनों पक्षों की बहस के बाद कोर्ट ने न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि ठगी और धोखाधड़ी से जुड़े प्रकरणों में पुलिस ने साक्ष्य जुटाए हैं। आरोपियों से पूछताछ और इन्वेस्टिगेशन के आधार पर पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर तेलीबांधा पुलिस कुछ रसूखदार लोगों को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए बुला सकती है।

पुलिस कमिश्नर ने बताया, पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ठगी के इस पूरे मामले में किन-किन लोगों की भूमिका रही है और आरोपियों के साथ उनका क्या संबंध था।

 इससे पहले मंगलवार को दोनों को आमने-सामने बैठाकर बैंक खातों और पैसों के लेनदेन से जुड़े सवाल किए गए।

जांच में पुलिस को पता चला है कि कोयला कारोबारी से कथित तौर पर ठगे गए 31 लाख रुपये में से कुछ रकम बरखा टंडन के नाम पर खुले बैंक खाते में भी जमा कराई गई थी। इसके बाद पुलिस ने दंपती से जुड़े छह बैंक खातों की जांच शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट