रायपुर
श्रम मंत्री ने कहा, दस्तावेजों के बाद ही मिलती है सहायता
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 16 मार्च। छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा संचालित मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु, और दिव्यांग सहायता योजना में गड़बड़ी का मामला सोमवार को विधानसभा में उठा। कांग्रेस सदस्य बालेश्वर साहू ने इन योजनाओं में फर्जीवाड़े के आरोप किया है। इस पर श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने किसी तरह गड़बड़ी से इंकार किया,और कहा कि आवेदनों की दस्तावेजों के आधार पर जांच और सत्यापन के बाद ही सहायता राशि दी जाती है।
साहू ने ध्यानाकर्षण सूचना के जरिए मामला उठाया। इसके जवाब में श्रम मंत्री ने कहा कि योजना के तहत मंडल में पंजीकृत निर्माण श्रमिक की सामान्य मृत्यु पर 1 लाख रुपये, कार्यस्थल पर दुर्घटना से मृत्यु होने पर 5 लाख रुपये, दुर्घटना से दिव्यांगता होने पर 2.50 लाख रुपये तथा अपंजीकृत श्रमिक की कार्यस्थल दुर्घटना में मृत्यु पर 1 लाख रुपये की सहायता प्रदान की जाती है।
उन्होंने इस आरोप को भी गलत बताया कि फर्जी हितग्राहियों और श्रम विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की मिलीभगत से पिछले दो वर्षों से फर्जीवाड़ा कर शासन को वित्तीय हानि पहुंचाई जा रही है। विभाग का कहना है कि आवेदक द्वारा ऑनलाइन आवेदन के साथ प्रस्तुत दस्तावेजों की जांच और सत्यापन के बाद ही लाभ स्वीकृत किया जाता है।
हालांकि जांजगीर-चांपा जिले में एक मामले में अनियमितता की शिकायत सामने आई है। जिला पंचायत जांजगीर-चांपा के उपाध्यक्ष द्वारा कलेक्टर को भेजे गए पत्र में एक महिला श्रमिक की मृत्यु तिथि को लेकर संदेह जताया गया था। शिकायत के अनुसार महिला की वास्तविक मृत्यु 27 नवंबर 2024 को हुई बताई गई, जबकि पंजीयन के लिए 4 दिसंबर 2024 को आवेदन किया गया और बाद में मृत्यु तिथि 2 जून 2025 दर्शाते हुए सहायता राशि स्वीकृत की गई।
इस शिकायत की जांच कलेक्टर जांजगीर-चांपा द्वारा तहसीलदार बम्हनीडीह से कराई गई। जांच में मृत्यु तिथि संदिग्ध पाए जाने पर कलेक्टर कार्यालय ने 15 मार्च को श्रम पदाधिकारी को संबंधितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि मृतक श्रमिक के पति अशोक पटेल ने 4 जुलाई 2025 को श्रम विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किया था। आवेदन के साथ ग्राम पंचायत बिर्रा के रजिस्ट्रार (जन्म-मृत्यु) द्वारा जारी मृत्यु प्रमाण पत्र संलग्न था, जिसमें मृत्यु तिथि 2 जून 2025 दर्ज थी। क्षेत्रीय श्रम निरीक्षक ने 3 अगस्त 2025 को स्थल पर जाकर भौतिक सत्यापन किया और दस्तावेज सही पाए जाने के बाद 17 सितंबर 2025 को एक लाख रुपये की सहायता राशि आवेदक के खाते में हस्तांतरित की गई।
श्रम मंत्री ने कहा कि प्रदेश में इस प्रकार का फर्जीवाड़ा संगठित रूप से चल रहा है या इसमें श्रम विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की संलिप्तता है। साथ ही यह भी कहा गया है कि जनकल्याणकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार के कारण शासन को वित्तीय हानि होने और आमजन में आक्रोश फैलने के आरोप भी निराधार हैं।