रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 16 मार्च। सक्ती समेत प्रदेश में चावल मिलिंग के लिए धान का उठाव रोके जाने पर कांग्रेस विधायकों ने खाद्य मंत्री दयालदास बघेल को घेरा। इस पर सभापति धरम लाल कौशिक ने व्यवस्था दी कि आगामी सीजन की खरीदी से पहले सभी संग्रहण केन्द्रों में प्रासंगिक व्यय में दी जाने वाली राशि का बोर्ड लगाया जाए।
सोमवार को विधानसभा में प्रश्न काल में कांग्रेस के रामकुमार यादव ने यह मामला उठाया था। अपने प्रश्न में यादव ने 17 जनवरी से धान का उठाव रोके जाने का कारण पूछा। खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने कहा कि धान का रिसाइक्लिंग न हो इसके सत्यापन के लिए रोका गया था।यादव ने कहा कि मंत्री स्वीकार रहे हैं कि रिसाइक्लिंग हो रही है। इसलिए रोका है। लेकिन जब कार्रवाई होगी तो कंप्यूटर आपरेटर जैसे छोटे कर्मचारी पर कर दी जाएगी। मिलर्स और बड़े अधिकारी बचा लिए जाएंगे। क्या जिला खाद्य अधिकारी पर कार्रवाई करेंगे। मंत्री बघेल ने कहा कि सक्ती जिले में 47.41 लाख क्विंटल धान खरीदी हुई थी। 44.25 क्विंटल उठाव हो गया है। शेष 3.16 क्विंटल 31 मार्च के पहले कर लिया जाएगा। नेता प्रतिपक्ष महंत ने रिसाइक्लिंग वाले जिलों नाम पूछने पर मंत्री ने कहा कि सरकार ने कहा कि सरकार के निर्णयानुसार रिसाइक्लिंग न हो इसलिए खरीदी रोकी गई। यादव ने पूछा कि 17-31 जनवरी के बीच जिले में 600 करोड़ का धान किसान बेच नहीं पाए। जिम्मेदारों पर कार्रवाई करेंगे। मंत्री बघेल ने कहा कि खरीदी नहीं उठाव रोका गया है। यादव ने कहा कि रिसाइक्लिंग की शंका और मुसुवा (चूहा) खाने की वजह से 30 करोड़ का धान उठाव रोके जाने से सूखत आने पर कंप्यूटर आपरेटर और संग्रहण केंद्र प्रभारी पर कार्रवाई न हो यह सुनिश्चित करेंगे क्या? मंत्री ने कहा कि मिलान के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। इस पर श्री महंत ने खरीदी के दौरान प्रासंगिक व्यय की जानकारी मांगी। इस पर मंत्री बघेल ने कहा कि हर खरीदी समिति को कुल 22.5 पैसे की राशि दी जाती है। इसमें बोला भराई,तौलाई, सिलाई,उठाव,स्टैकिंग आदि का देते हैं। इस पर सभापति कौशिक ने कहा कि अगले सीजन से खरीदी केन्द्रों में खर्च की विस्तृत जानकारी का बोर्ड लगाने की व्यवस्था की जाएं।