रायपुर

मंत्री का एक ही जवाब आता रहा बाद में जानकारी उपलब्ध करा दूंगा
16-Mar-2026 7:38 PM
मंत्री का एक ही जवाब आता रहा बाद में जानकारी उपलब्ध करा दूंगा

अमानक, कम वजन वाले बारदानों की आपूर्ति पर मिश्रा, अजय, महंत ने बघेल को घेरा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 16 मार्च। धान खरीदी के लिए अमानक कम वजन वाले बारदानों की आपूर्ति को लेकर भाजपा विधायकों के साथ नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत ने भी खाद्य मंत्री दयालदास बघेल को घेरा। इस पर कार्रवाई को लेकर मंत्री ने सभी का एक ही जवाब दिया पूरा जानकारी पृथक से उपलब्ध करा दूंगा।

सोमवार को विधानसभा में भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने यह मामला उठाया।   उन्होंने जानना चाहा कि प्रदेश के किन किन जिलों में अमानक बारदाने। कितनी संख्या में मिले। खाद्य मंत्री बघेल ने बताया कि बस्तर में 17, कोंडागांव में 1, जांजगीर में 13, बालोद में 2600, बेमेतरा 6, दुर्ग 35, कवर्धा 2, राजनांदगांव 1556, बलौदा बाजार 7, महासमुंद 217, रायपुर 28, सूरजपुर 96 अन्य जिलों मिलाकर कुल 4219 अमानक मिले थे। मिश्रा ने सप्लाई करने वाले जूट मिलों के नाम पूछे। मंत्री ने कहा कि पूरी सूची पृथक से दे दूंगा। मिश्रा ने बताया कि जांजगीर, रायगढ़,बिलाईगढ़ सक्ती जिले में 45-85 ग्राम कम वजन के बारदाने दिए गए। उन्होंने पूछा कि इनको कितना भुगतान किया गया।  मंत्री ने कहा कि खरीदी जूट कमिश्नर के जरिए किया जाता है और उन्हें अग्रिम भुगतान किया जाता है। और राज्य ने अमानक बारदाने के लिए जूट कमिश्नर को क्लेम किया गया है। भाजपा के ही अजय चंद्राकर ने पूरक प्रश्न में पूछा कि क्लेम टीस बात का किया गया है पैसा वापसी या मानक बारदाना सप्लाई का। इसका निराकरण कितने दिन में होता है। मंत्री ने कहा कि निराकरण राशि समायोजन के रूप में होता है।इसकी जानकारी बाद में उपलब्ध करा दूंगा। इसपर चंद्राकर ने सभापति धरम लाल कौशिक से कहा कि ऐसे आश्वासन पर आज तक जानकारी नहीं मिलती है इस पर आसंदी से व्यवस्था आनी चाहिए। नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत ने कहा कि पिछले वर्ष भी यह मामला उठा था, मैंने कम वजन के बारदाना सदन में लाया था। राज्यपाल, सीएम को भी पत्र लिखा था। ये अमानक बारदाने किन मिलों के हैं। मंत्री ने फिर दोहराया कि  पृथक से उपलब्ध करा दूंगा।

 


अन्य पोस्ट