रायपुर

कारखानों में उद्योग नीति के उल्लंघन पर घिरे देवांगन
09-Mar-2026 6:24 PM
 कारखानों में उद्योग नीति के उल्लंघन पर घिरे देवांगन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 9 मार्च। कांग्रेस विधायक व्यास कश्यप ने अपनी ध्यानाकर्षण सूचना  में प्रदेश में स्थापित कारखानों में उद्योग नीति का उल्लंघन का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि जांजगीर-चांपा, सक्ती, रायगढ़, रायपुर, बिलासपुर एवं अन्य सभी जिलों में जो भी कारखानें सछत्तीसगढ़ शासन से  अनुदान प्राप्त करते हैं, उनके द्वारा उक्त नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। जिला व्यापार एवं उद्योग विभाग के अधिकारियों द्वारा मोटी रकम लेकर कारखानों को अनुदान स्वीकृत किया जा रहा है, परंतु किसी भी कारखाने की जांच करने पर उच्च श्रेणी में नियोजित श्रमिकों में 5 प्रतिशत भी छत्तीसगढ़ के स्थानीय  नहीं है।

ऐसे किसी भी  उद्योग पर  विभाग  आज तक किसी भी इस तरह के प्रकरण में अनुदान निरस्तीकरण तथा कुर्की की कार्यवाही नही की गई । कश्यप ने कहा कि इन  उद्योगों में निरंतर दुर्घटनाएं हो रही है, परंतु छत्तीसगढ़ राज्य में श्रम विभाग के अंतर्गत उद्योग स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग के केवल कुछ ही कार्यालय हैं। केवल 6-7 कार्यालय के द्वारा छत्तीसगढ़ के 33 जिलों के उद्योगों में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराई जा रही है, सक्ति जिले में आज तक कार्यालय नही बनाया गया है। इसी तरह 20 से 25 जिलों में कार्यालय नहीं है, जिसके कारण श्रमिकों को शिकायत की सुविधा भी नहीं मिल पा रही है, जिससे कारखाने बेलगाम होकर सुरक्षा पर ध्यान न देते हुए कार्य कर रहे हैं। इससे शासन, प्रशासन के प्रति रोष एवं आक्रोश व्याप्त है।

अपने जवाब में उद्योग मंत्री लखन देवांगन ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा कि विगत तीन माह में जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्रों के अधिकारियों के द्वारा कुल 167 निरीक्षण किए गए हैं, इसमें किसी भी इकाई में रोजगार संबंधी उल्लंघन नहीं पाया गया।

अनुदान निरस्तीकरण तथा कुर्की की स्थिति निर्मित नहीं है। कारखानों में घटित होने वाली दुर्घटनाओं की सूचना प्राप्त होने पर औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग द्वारा दुर्घटना की अविलंब जांच कर कारखाना प्रबंधन के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही करते हुए माननीय श्रम न्यायालय में आपराधिक प्रकरण दायर किया जाता है। राज्य में कुल 12 कार्यालय स्थापित हैं, जिनमें संचालनालय रायपुर, 01 उप संचालक इण्डस्ट्रियल हाईजिन लैब, 06 उप संचालक स्तर के कार्यालय रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, दुर्ग, रायगढ़, राजनांदगांव तथा सहायक संचालक स्तर के 04 कार्यालय सरगुजा, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार-भाटापारा, बस्तर में  है।


अन्य पोस्ट