रायपुर

राजधानी में अब कार बाइक के बाद बस-ट्रक चोरी होने लगे, भाठागांव बस स्टैंड से बस पार
09-Mar-2026 6:24 PM
राजधानी में अब कार बाइक के बाद बस-ट्रक चोरी होने लगे, भाठागांव बस स्टैंड से बस पार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 9 मार्च। राजधानी में बीते दिनों भाठागांव बस स्टैंड के  पास से पार्किंग में खड़ी बस और घर के सामने से बाइक पार हो गए। वहीं सीए के अॅाफिस से लाखों का सामान चोरी हो गया। मामले में राजधानी पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।

टिकरापारा हिमालियन हाइट्स निवासी अब्दुल अलीम 48 ने कल शाम रिपोर्ट दर्ज कराई। 6 मार्च की रात भाठागांव नया बस स्टैंड के पास अपनी बस सीजी 07 ई 0782 को खड़ी कर रात घर चला गया। बस को वहीं सडक़ किनारे खड़ी कर चाबी ड्राइवर सीट के निचे रखा था। और घर चला गया। दूसरे दिन सुबह जब वह वहां गया तो बस नहीं थी। आसपास पता तलाश करने पर भी कोई जानकारी नहीं हुई। इसकी सूचना बस चालक शेख हमीद ने फोन पर दी।

बस में लगे फास्टैग के कारण मोबाइल पर 6 मार्च की रात 9:27 बजे मंदिर हसौद टोल प्लाजा में टोल कटने का मैसेज मिला था। इससे आशंका जताई जा रही है कि चोर बस लेकर वहां से गुजरे हैं। चोरी गई बस की कीमत करीब ढाई लाख रुपए बताई गई है। शिकायत पर पुलिस ने धारा 305 दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस बस स्टैंड और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के फूटेज से आरोपियों की पड़ताल कर रही है। इससे पहले होली के दिन तेलीबांधा के काली मंदिर के पास खड़े 12 चक्का ट्रक चोरी कर ली गई थी। पुलिस ने चोरों को सारंगढ़ से गिरफ्तार कर ट्रक को जब्त किया था।

वहीं दूसरी घटना में कैलाशपुरी गौरा चौरा निवासी दिनेश देवांगन ने मोटरसाइकिल चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उनके नाम से पंजीकृत बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल सीजी 04 केए 9365 को उनका बड़ा भाई सूर्यप्रकाश देवांगन चलाता था। जानकारी के अनुसार 15 फरवरी को सूर्यप्रकाश देवांगन लालपुर स्थित शराब दुकान गए थे। रात करीब 9.15 बजे मोटरसाइकिल दुकान के सामने खड़ी कर शराब लेने अंदर गए थे। करीब 10 बजे बाहर आने पर मोटरसाइकिल वहां नहीं थी। अज्ञात चोर मोटरसाइकिल चोरी कर ले गया।

इधर सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक चार्टर्ड अकाउंटेंट के कार्यालय में भी चोरी की घटना सामने आई है। गोविंद नगर निवासी सुनील कुमार केसवानी ने पुलिस को बताया कि उनका सीए कार्यालय रविनगर राजातालाब में स्थित है। 5 मार्च को दोपहर करीब 3.30 बजे वे ऑफिस बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन 6 मार्च को सुबह करीब 11 बजे ऑफिस पहुंचे तो देखा कि टेबल का दराज टूटा हुआ है और सामान बिखरा पड़ा है। जांच करने पर ऑफिस से 10 ग्राम के दो चांदी के सिक्के, एचपी कंपनी के दो लैपटॉप और विवो कंपनी का एक मोबाइल गायब मिला। अज्ञात चोर खिडक़ी की ग्रिल से अंदर घुसकर करीब 60 हजार रुपये के सामान की चोरी कर ले गए।

तीनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों का पता लगाया जा सके।


अन्य पोस्ट