रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 8 मार्च। तेलीबांधा थाने के पास देर रात एक तेज रफ्तार लग्जरी कार सडक़ हादसे का शिकार हो गई। घटना वीआईपी रोड मोड़ से तेलीबांधा शेर चौक के बीच की है? । जहां तेज रफ्तार कार सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। पुलिस के अनुसार अजय शंकर पांडे उर्फ अज्जू पांडे अपनी लग्जरी अल्काज़ार कार से वीआईपी रोड की तरफ से आ रहा था। उस समय वह शराब के नशे में था और तेज रफ्तार में गाड़ी चला रहा था। कार में वह अकेला सवार था।और उसने सामने से आ रहे वाहनों को नहीं देखा। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से उसकी कार की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि कुछ समय के लिए सडक़ पर यातायात भी प्रभावित हो गया। टक्कर के बाद ट्रक ड्राइवर रूकने के बजाय आगे बढऩे की कोशिश की। तेलीबांधा थाने की पेट्रोलिंग टीम हवलदार तरुण यादव, आरक्षक संजय चंद्रवंशी और वाहन चालक मन्नू ने ट्रक चालक का पीछा किया। पुलिस टीम ने ट्रक को रोककर ड्राइवर को हिरासत में लिया और पूछताछ शुरू की। पुलिस दुर्घटना के कारण का पता लगाने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की। अजय पांडेय का भी डाक्टरी मुलाहिजा करा रही है।
बता दें कि कुछ दिन पहले वीआईपी रोड के एक क्लब में भिलाई के युवकों से मारपीट की घटना में अजय शंकर पांडे उर्फ अज्जू पांडे का भी हाथ था।


