रायपुर

सीबीएसई 10-12 वीं में कंपार्टमेंट आने पर पास करने के तीन मौके
07-Mar-2026 7:35 PM
सीबीएसई 10-12 वीं में कंपार्टमेंट आने पर पास करने के तीन मौके

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 7 मार्च। सीबीएसई  की कक्षा 10-12 वीं की  परीक्षा में यदि किसी विद्यार्थी को किसी विषय में कंपार्ट लगता है, तो उसे उस विषय को उत्तीर्ण करने के लिए अधिकतम तीन अवसर दिए जाएंगे। यदि विद्यार्थी इन तीनों अवसरों में भी संबंधित विषय की परीक्षा उत्तीर्ण नहीं कर पाता है, तो उसे पुन: उसी कक्षा में अध्ययन करना होगा। इसके लिए उसे प्राइवेट परीक्षार्थी के रूप में फॉर्म भरना पड़ेगा और सभी विषयों की परीक्षाएं देनी होंगी।

मालूम हो कि सीबीएसई इस साल से कक्षा 10वीं के लिए दो बोर्ड परीक्षाएं आयोजित कर रहा है। ऐसे में जिन परीक्षार्थियों को मुख्य परीक्षा में किसी विषय में कंपार्ट लगता है, तो उन्हें पहला अवसर मई में आयोजित होने वाली दूसरी बोर्ड परीक्षा में मिलेगा। दूसरा अवसर जुलाई में आयोजित परीक्षा में और तीसरा अगले साल की मुख्य परीक्षा में दिया जाएगा।

वहीं कक्षा 12वीं के लिए सीबीएसई जुलाई में कंपार्टमेंट परीक्षा आयोजित करेगा। किसी विषय में कंपार्टमेंट आने की स्थिति में विद्यार्थी को इस परीक्षा में शामिल होने का पहला अवसर मिलेगा। यदि कोई छात्र इस परीक्षा में भी सफल नहीं हो पाता है, तो उसे दूसरा अवसर अगले वर्ष की मुख्य बोर्ड परीक्षा में दिया जाएगा।

तीसरा और अंतिम अवसर अगले वर्ष जुलाई में आयोजित होने वाली कंपार्टमेंट परीक्षा में मिलेगा।

सीबीएसई ने 10वीं बोर्ड परीक्षा में शामिल हो रहे विद्यार्थियों के हित में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। जो विद्यार्थी पहली बोर्ड परीक्षा में अनुत्तीर्ण हो जाते हैं, उन्हें कक्षा 11वीं में स्कूलों में औपबंधिक (प्रोविजनल) प्रवेश मिल जाएगा। लेकिन दूसरी बोर्ड परीक्षा में इन विद्यार्थियों को उत्तीर्ण होना अनिवार्य होगा। यदि विद्यार्थी दूसरी परीक्षा में भी उत्तीर्ण नहीं होते हैं, तो उनका नामांकन रद्द कर दिया जाएगा।


अन्य पोस्ट