रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 2 मार्च। छत्तीसगढ़ निषाद केवट समाज की एक बैठक फुंडहर, रायपुर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता गुण्डरदेही विधायक एवं समाज के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर सिंह निषाद ने की।
समाज के प्रदेश महासचिव मनोहरलाल निषाद ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस और भाजपा से समाज के प्रतिनिधियों को प्रत्याशी बनाए जाने की मांग की गई है।
प्रस्ताव के अनुसार कांग्रेस से रवि निषाद (बागबाहरा, जिला महासमुंद) तथा भाजपा से बोधीराम निषाद (प्रदेश उपाध्यक्ष, निषाद केवट समाज) को राज्यसभा का उम्मीदवार घोषित करने की मांग की गई है। यह मांग संबंधित दलों के प्रदेश एवं केंद्रीय नेतृत्व को भेजे जाने की जानकारी दी गई है।
रवि निषाद का परिचय
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार रवि निषाद कांग्रेस संगठन में विभिन्न पदों पर कार्य कर चुके हैं।
वे ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बागबाहरा के अध्यक्ष के रूप में तीन कार्यकाल तक कार्यरत रहे हैं। इसके अलावा वे जिला कांग्रेस कमेटी महासमुंद में सचिव, महामंत्री और उपाध्यक्ष के पद पर भी रहे हैं। वर्तमान में उन्हें छत्तीसगढ़ मछुआ कांग्रेस का वरिष्ठ उपाध्यक्ष बताया गया है।
विज्ञप्ति में यह भी उल्लेख है कि वे सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं तथा ग्राम पंचायत स्तर पर भी दायित्व निभा चुके हैं। उनकी शैक्षणिक योग्यता एम.कॉम, एम.ए. और एलएलबी बताई गई है।
बोधीराम निषाद के संबंध में
विज्ञप्ति के अनुसार बोधीराम निषाद आरएसएस और भाजपा से जुड़े रहे हैं तथा वर्तमान में छत्तीसगढ़ निषाद केवट समाज के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं। समाज की ओर से उन्हें राज्यसभा के लिए उपयुक्त उम्मीदवार बताया गया है।
बैठक में पारित प्रस्ताव को राजनीतिक दलों के समक्ष भेजे जाने की बात कही गई है।
