रायपुर
10 बैंक कर्मियों की भी संलिप्तता
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 1 मार्च। प्रदेश में पिछले डेढ़ साल में साइबर क्राइम करीब 13 सौ प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इनमें एक हजार से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। खास बात ये है कि साइबर क्राइम में 10 बैंक कर्मी भी संलिप्त पाए गए हैं, जिन्हें गिरफ्तार किया गया है।
साइबर क्राइम के प्रकरणों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। नवंबर में नवा रायपुर में हुए डीजीपी-आईजी कांफ्रेंस में भी इस पर गंभीर चर्चा हुई, और इसके रोकथाम के लिए ठोस कार्ययोजना बनाई गई है।
प्रदेश में पिछले डेढ़ साल में साइबर क्राइम के 1301 मामले दर्ज किए गए। इनमें से 107 पीडि़तों को उनकी राशि वापस कराई गई। शेष मामलों में राशि वापसी के लिए कार्रवाई प्रक्रियाधीन है। इस पूरे मामले में 1 हजार 73 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें 10 बैंक कर्मी भी हैं।
बताया गया कि पीएचक्यू ने साइबर अपराध को रोकने के लिए ठोस पहल की है। राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति के समन्वय से हर महीने बैंक प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक हो रही है। बैठकों में यह साफ किया गया कि संदिग्ध म्यूल खातों की पड़ताल करने, और ऐसी शाखाएं जहां सर्वाधिक शिकायतें आ रही हैं, वहां दोषी व्यक्ति व कर्मचारियों की पहचान सुनिश्चित करने की हिदायत दी गई है।
6 साल में ऑनलाइन ठगी के 3 हजार से अधिक प्रकरण...
प्रदेश में वर्ष-2019 से 25 तक ऑनलाइन ठगी के 3119 प्रकरण दर्ज हुए हैं। इसमें 306 करोड़ 43 लाख की ठगी हुई है। इसमें 1776 ठगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वर्तमान में जनवरी 2026 की स्थिति में उक्त राशि में से 11 करोड़ 20 लाख वापस किया जा चुका है।
1-11 वीं की वार्षिक परीक्षाएं 25 मार्च से 10 अप्रैल तक
रायपुर, 1 मार्च। लोक शिक्षण संचालनालय ने कक्षा 1-11 वीं की वार्षिक परीक्षाएं 25 मार्च से 10 अप्रैल तक आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। उप संचालक ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को आज इसके निर्देश दिए हैं। इसमें किसी तरह का संशोधन नहीं किया जाएगा।