रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 1 मार्च। होली के शांति पूर्ण आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने शांति समिति की बैठक आयोजित की । राजधानी शहर में पुलिस कमिश्नरी लागू होने के बाद यह पहली होली होगी। ऐसे में सबकी निगाहें हुड़दंगियों पर पुलिस व्यवस्था पर रहेगी। हालांकि इस दौरान शराब दुकानें बंद रहेंगी।
एडीएम उमाशंकर बंदे ने कहा कि इस समय रमजान का महीना भी चल रहा है। नागरिकों से अपील है कि सौहार्दपूर्ण वातावरण में और भाईचारे के साथ त्यौहार मनाएं तथा प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखें।
एडीएम ने बताया कि होलिका दहन सडक़ किनारे सुरक्षित स्थान पर किया जाएगा । शहर के विभिन्न स्थानों में दहन स्थल पर रेत मुरूम डलवाई जा रही है। इसके लिए जोन आयुक्तों को निर्देशित किया गया है। सार्वजनिक स्थलों पर विद्युत व्यवस्था, साफ-सफाई तथा पर्याप्त पानी की व्यवस्था भी रहेगी।बिजली के तारों, टेलीफोन के खंभों के नीचे तथा डामर सडक़ों पर होलिका दहन नहीं किया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्त्र-शस्त्र के उपयोग एवं प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग रात्रि 10 बजे तक ही और धीमी ध्वनि में किया जा सकेगा। पुलिस द्वारा फिक्स पॉइंट बढ़ाए जाएंगे तथा बाइक पेट्रोलिंग की जाएगी। होलिका दहन निर्धारित समय पर किया जाएगा। जबरन चंदा वसूली करने वालों पर कार्रवाई होगी।
डीसीपी (उत्तर) मयंक गुर्जर ने कहा कि नशे की हालत में उत्पात मचाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। नकाब पहनकर हुड़दंग करने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
डीसीपी (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल ने कहा कि सडक़ों पर डीजे लगाना प्रतिबंधित है तथा यातायात किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होना चाहिए। उन्होंने समाज प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि यदि किसी क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका हो तो तत्काल पुलिस प्रशासन को सूचना दें।
नगर सेना द्वारा होली को ध्यान में रखते हुए फायर ब्रिगेड की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। होली गुलाल एवं रंग से खेली जाएगी। पेंट, कीचड़, वार्निश अथवा शरीर के लिए हानिकारक पदार्थों का उपयोग नहीं किया जाएगा। धार्मिक स्थलों पर आने-जाने वालों पर रंग-गुलाल नहीं डाला जाएगा। खुली जीप अथवा अन्य चारपहिया वाहनों में समूह बनाकर, बाइक पर तीन सवारी बैठाकर हुड़दंग करने पर कार्रवाई की जाएगी। लोगों के घरों पर जबरन रंग नहीं डाला जाएगा। तेज रफ्तार वाहन चालकों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मुखौटा लगाकर घूमने वालों एवं शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी सख्त कार्रवाई होगी। हुड़दंग करने वालों पर निगरानी रखी जाएगी तथा किसी भी प्रकार की अशांति फैलाने पर कठोर कदम उठाए जाएंगे।