रायपुर

लालपुर में सरकारी भूमि पर कॉम्प्लेक्स निगम ने चलाया बुलडोजर
28-Feb-2026 5:56 PM
लालपुर में सरकारी भूमि पर कॉम्प्लेक्स निगम ने चलाया बुलडोजर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 28 फरवरी। नगर निगम ने  पुलिस की मौजूदगी में बुलडोजर से लालपुर में शासकीय भूमि से अवैध निर्माण तोड़ा । जानकारी के मुताबिक, लालपुर में शासकीय जमीन पर लगभग 9 से 10 निजी दुकानों के साथ एक बहुमंजिला बिल्डिंग बना ली  गई थी।  जिसमें पीजी भी चल रहा था। शिकायतों के बाद नगर निगम ने जांच कर निर्माण को अवैध पाया और कार्रवाई शुरू की।

अतिक्रमण हटाने के दौरान किसी भी तरह के विरोध या अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात था। मौके पर नगर निगम के उडऩदस्ता दल के साथ सभी 10 जोन की गाडिय़ां मौजूद रही। निगम की टीम ने पूरे भवन को खाली कराया । दुकानों और पीजी में रहने वाले लोगों को पहले ही नोटिस देकर हटने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद बुलडोजर से अवैध हिस्सों को तोड़ा गया। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि शासकीय भूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। शहर में जहां भी सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण मिलेगा, वहां इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों में कार्रवाई को लेकर मिश्रित प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। कुछ लोगों ने इसे सही कदम बताया, वहीं प्रभावित लोगों ने प्रशासन से वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की है।


अन्य पोस्ट