रायपुर
सुनील सोनी ने हवाई संपर्क बढ़ाने लिखा था
रायपुर, 28 फरवरी। प्रदेश में हवाई सेवाओं के विस्तार पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किन्जारापु ने भाजपा विधायक सुनील सोनी के लिखे पत्र पर जवाब दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि रायपुर हवाईअड्डे से वर्तमान में प्रति सप्ताह 404 निर्धारित उड़ान संचालन (आगमन और प्रस्थान) हो रहे हैं।
पत्र में बताया गया है कि रायपुर से इंडिगो, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस जैसी प्रमुख एयरलाइंस सेवाएं संचालित कर रही हैं। यहां से अहमदाबाद, भुवनेश्वर, भोपाल, बेंगलुरु, मुंबई, कोलकाता, दिल्ली, गोवा, हैदराबाद, इंदौर, लखनऊ, चेन्नई, पुणे और विशाखापट्टनम सहित कई शहरों के लिए उड़ानें उपलब्ध हैं। मंत्री ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि वर्ष 1994 से देश में नागरिक उड्डयन क्षेत्र उदारीकृत है और एयरलाइंस अपने व्यावसायिक आकलन के आधार पर नए रूट शुरू करती हैं।
सरकार किसी भी एयरलाइन को किसी विशेष मार्ग पर उड़ान शुरू करने के लिए बाध्य नहीं कर सकती। हालांकि, राज्य में हवाई संपर्क बढ़ाने के संबंध में प्राप्त अनुरोध संबंधित एयरलाइंस के साथ साझा कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि बेहतर हवाई संपर्क क्षेत्रीय विकास, पर्यटन और व्यापार को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और मंत्रालय इस दिशा में सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है।