रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 27 फरवरी। राजधानी में पार्टी के दौरान नग्र होकर हाथ में चाकू लेकर बर्थडे मनाने का वीडियो सोशल मीडिया वायरल होने के बाद पुलिस ने वीडियों के आधार पर दो नाबालिगों की पहचान कर हिरासत में लिया है। वीडियो में युवक गैंगस्टर गानों पर झूमते हुए हाथों में चाकू और शराब की बोतलें लहराते नजर आ रहे थे।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो किसी कमरे या हॉल में आयोजित बर्थडे पार्टी का है। केक काटने के बाद माहौल अचानक बदल जाता है और कुछ युवक हाथ में चाकू लेकर नाच रहे थे। वीडियो में कुछ युवक बिना शर्ट के नाचते दिखाई दिए। एक-दूसरे को कंधे पर उठाकर और हवा में चाकू लहराते हुए वे वीडियो बनाते दिख रहे हैं।
मामला सामने आने के बाद पुलिस ने वायरल वीडियो की तस्दीक की। डीसीपी वेस्ट रायपुर के अनुसार जांच में पाया गया कि चाकू लहराने वाला और उसका साथी राजेंद्र नगर अमलीडीह क्षेत्र के नाबालिग हैं।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि उनके पास मिला चाकू छोटा था और आर्म्स एक्ट में निर्धारित नाप की श्रेणी में नहीं आता। इसके चलते दोनों नाबालिगों को कड़ी समझाइश देकर भविष्य में ऐसी हरकत न करने की हिदायत दी गई।


