रायपुर
1496 नक्सलियों को 49.34 करोड़ रुपए देना शेष
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 26 फरवरी। आत्मसमर्पित नक्सलियों को इनाम राशि और उनके पुनर्वास का मुद्दा भी उठा। इस संबंध में प्रश्न काल में
कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी के सवालों का जवाब देते हुए उपमुख्यमंत्री एवं गृह विजय शर्मा ने जानकारी दी कि 9 फरवरी 2026 तक प्रदेश में कुल 2937 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। इनमें 1496 इनामी नक्सली शामिल हैं, जो संगठन में महत्वपूर्ण पदों पर सक्रिय थे।इन पर 25 हजार से 1 करोड़ तक के ईनाम हैं। सरकार की ओर से पुनर्वास नीति के तहत इन आत्मसमर्पितों को प्रारंभिक सहायता के रूप में अब तक 5 करोड़ 64 लाख रुपए वितरित किए जा चुके हैं।
चर्चा के दौरान गृह मंत्री ने यह भी स्वीकार किया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों के ईनाम की 49 करोड़ 34 लाख रुपए की बड़ी राशि अभी देना शेष है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार सरेंडर करने वाले नक्सलियों को नियमानुसार राशि प्रदान कर रही है, लेकिन एक विशेष सुरक्षा नियम के तहत वे इस पैसे को 3 साल बाद ही बैंक से निकाल सकेंगे। यह कदम आत्मसमर्पितों के भविष्य की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।
प्रश्न आगे बढ़ाने की मांग
इससे पहले मंडावी ने सभापति धरम लाल कौशिक से इस प्रश्न पर चर्चा को आगे बढ़ाने की मांग की। मंडावी ने कहा कि उनके मूल प्रश्न का ही लिखित उत्तर नहीं है। और अभी 10 मिनट पहले ही एक और उत्तर दिया गया है। मेरी तैयारी नहीं है। मंत्री शर्मा ने कहा कि अतिरिक्त जानकारी शामिल कर उत्तर दिया गया है। इसके बाद भी सदस्य चर्चा बाद में चाहते हैं तो मुझे आपत्ति नहीं है। इस पर सभापति कौशिक ने कहा अतिरिक्त जानकारी एड की गई है प्रश्न पूछ सकते हैं।


