रायपुर

मजदूरी का पैसा न देने पर ठेकेदार को डण्डे से पीटा, सेल्समैन और बाराती से भी मारपीट
26-Feb-2026 7:36 PM
मजदूरी का पैसा न देने पर ठेकेदार को डण्डे से पीटा, सेल्समैन और बाराती से भी मारपीट

रायपुर, 26 फरवरी। राजधानी और उसके आसपास के इलाकों में बीते दिनों मारपीट की घटनाएं सामने आई है। उनमें मजदूरी के पैसों के लिए ठेकेदार के साथ मारपीट, शराब दुकान में ग्राहक ने सेल्समैन और बारात में डीजे पर नाचने को लेकर विवाद हो गया। इस बीच आरोपी ने जान से मारने की धमकी देकर हाथ मुक्कों डण्डे से हमला किया।  टिकरापारा पुलिस के मुताबिक संतोषीनगर निवासी तेज सिंह जाटव, जो टाइल्स फिटिंग का काम करते हैं, ने शिकायत में बताया कि बुधवार की सुबह करीब 8.30 बजे वह रायल बार के पास चाय पी रहा था। उसी दौरान उनके परिचित कुलदीप ठाकुर अपने साथियों के साथ वहां आया और पिछले काम पैसे को लेकर विवाद करने लगा। कुलदीप ने गाली गलौज शुरू कर दी। जिसका विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देकर हाथ-मुक्कों, डंडे और बाइक की चाबी से मारपीट की। घटना में तेज सिंह के गर्दन, पेट, चेहरा, बाएं हाथ-पैर और सिर में चोट आई है।

दूसरी घटना गोबरा नवापारा क्षेत्र की है। वार्ड 8 भोई पारा निवासी अखिलेश, जो विदेशी मदिरा दुकान में सेल्समैन हैं, ने बताया कि 22 फरवरी की शाम दुकान पर शराब बिक्री के दौरान पंकज सतनामी अपने साथियों के साथ आया और शराब देने के तरीके को लेकर गाली-गलौज करने लगा। समझाने पर मामला शांत हो गया था। इसके बाद 25 फरवरी की रात करीब 7.25 बजे जब अखिलेश दुकान से घर लौट रहा था। तभी रेलवे क्रॉसिंग नवापारा के पास पंकज सतनामी, अजय और अन्य लोगों ने उसका रास्ता रोककर पुरानी बात को लेकर गाली गलौज करने लगे। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी देकर  हाथ-मुक्कों व डंडे से मारपीट की।

तीसरी घटना थाना खरोरा क्षेत्र की है। बिडिया निवासी चंद्र देव ने रिपोर्ट में बताया कि वह 21 फरवरी को गांव के संजय साहू की बारात में ग्राम खौली गए थे। रात करीब 8:30 बजे खौली बाजार चौक के पास डीजे पर नाच-गाना चल रहा था। इसी दौरान गांव के शिवा साहू ने पुरानी रंजिश को लेकर उन्हें अश्लील गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की। आरोप है कि टेटकू राम साहू भी वहां आ गया और दोनों ने मिलकर मारपीट की। घटना में चंद्र देव के गले में चोट आई है और दर्द बना हुआ है। पंकज साहू, उमेश साहू और नेतराम साहू ने बीच-बचाव किया। शिकायत पर पुलिस ने तीनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ मारपीट का प्रकरण दर्ज किया है।


अन्य पोस्ट