रायपुर

पहले मोबाइल गर्म होकर बंद हुआ, फिर खुद ब खुद चालू, खाते से कटे 1.23 लाख
26-Feb-2026 7:33 PM
पहले मोबाइल गर्म होकर बंद हुआ, फिर खुद ब खुद चालू, खाते से कटे 1.23 लाख

तीन बार में कटी रकम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 26 फरवरी। राजधानी के टिकरापारा इलाके में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। जहां अज्ञात व्यक्ति ने कपड़ा सिलाई (दर्जी ) का काम करने वाले व्यक्ति के बैंक खातों से1. 23 लाख रूपए को पार कर दिए। इसकी शिकायत पुष्पेंद्र कुमार साहू ने टिकरापारा थाना में दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ 318-4 का अपराध दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

घटना 22 फरवरी की है। मठपुरैना ज्योति नगर निवासी पुष्पेन्द्र कुमार साहू ने पुलिस को बताया कि वह घर पर ही उसकी सिलाई की दुकान है। 22 फरवरी को वह दुकान पर था। इसी दौरान उसका मोबाइल अचानक गर्म होकर बंद हो गया, और कुछ देर बाद अपने आप चालू हो गया। इसके तुरंत बाद उनके मोबाइल पर बैंक से पैसे कटने के मैसेज आया।  पुष्पेंद्र ने बताया कि दोपहर 12.41 बजे उसके खाता से 22 हजार और 30 हजार रुपए, इसके बाद 1.06 बजे 50 हजार रुपए और  1. 7 बजे 21 हजार रुपए खाते से कट गए। इस तरह 1,23,000 रुपए की ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गया।

घटना का पता चलते ही पुष्पेन्द्र साहू ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद उसने अपने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित दुर्ग की उतई शाखा और यूनियन बैंक की देवपुरी शाखा में पासबुक एंट्री कराई तो पैसा निकलने की पुष्टी हुई। साइबर शिकायत के आधार पर पता चला है कि ठगी की रकम रत्नाकर बैंक लिमिटेड, रेजरपे और इंडियन बैंक के खातों में ट्रांसफर हुई है।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बंधक रखी जमीन की नीलामी का झांसा देकर 57 लाख लिए, नौ पर एफआईआर

बैंक में बंधक जमीन को सस्ती कीमत पर दिलाने का झांसा देकर कटोरा तालाब निवासी से लाखों रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। सिविल लाइन पुलिस ने शिकायत की जांच कर  नौ लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं के अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण में दस्तावेजों, बैंक लेन-देन और संबंधित पक्षों की भूमिका की जांच की जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक कटोरा तालाब निवासी अभिषेक बजाज और दिपेश बजाज ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के समक्ष शिकायत की थी। शिकायत में बताया गया कि मार्च 2022 में अनिल कुमार विश्वकर्मा उनके घर आया और स्वयं को नेक्सान सोल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड का अधिकारी बताते हुए उसकी टीम बैंक और हाउसिंग फाइनेंस कंपनियों में बंधक रखी संपत्तियों को नीलामी या समझौते के माध्यम से कम कीमत पर दिलाने का काम करती है।

अनिल कुमार ने उन्हें भरोसा दिलाया कि उसकी पूनावाला हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड के अधिकारी तुषार जोशी, इकबाल खान और बुधराम चक्रवर्ती — से अच्छी पहचान है। इसके बाद आरोपियों ने रविशंकर विश्वविद्यालय के सामने जी.ई. रोड से लगी एक भूमि के दस्तावेज दिखाए और उसे पूरी तरह पाक-साफ व भारमुक्त बताया। उन्होंने यह भी कहा कि भूमि का बाजार मूल्य लगभग 1.50 करोड़ रुपए है। लेकिन बंैक की ओर से रियायात के तहत उसे मात्र 57,40,900 रुपए में दिलाया जा सकता है।

इस पर दीपेश और अभिषेक उसकी बातों में आ गए और जमीन खरीदने के लिए तैयार हो गए। इसके बाद पूनावाला हाउसिंग फाइनेंस के अधिकृत कर्मचारी तुषार सुरेश जोशी के माध्यम से 18 मई 2022 को उप पंजीयक कार्यालय रायपुर में अभिषेक बजाज और दीपेश बजाज के नाम सेल सर्टिफिकेट पंजीकृत कराया गया। आरोपियों ने मौके पर ले जाकर कब्जा सौंपने और कब्जा प्रमाणपत्र देने की बात कही।

जब दिपेश अपने परिजनों के साथ जेसीबी लगाकर जमीन की सफाई कराने पहुंचे, तो पास के पेट्रोल पंप संचालक अतुल नत्थानी ने आपत्ति जताते हुए काम रुकवा दिया। उसने बताया कि यह भूमि विवादित है। और इससे संबंधित मामला सिविल न्यायालय तथा डीआरटी जबलपुर (मध्यप्रदेश) में लंबित है।

जानकारी मिलने पर दिपेश ने आरोपियों से संपर्क कर जमीन का कब्जा दिलाने या पैसा वापस करने की मांग की। जिस पर आरोपी लगातार टालमटोल करते रहे। दो साल बीत जाने के बाद भी आरोपियों ने पैसा वापस नहीं किया। ठगी होने के शक में दिपेश ने इसकी शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को की। घटना को संज्ञान में लेते हुए पुलिस को जांच के निर्देश दिए गए। जांच के दौरान पुलिस ने दस्तावेजों, बैंक स्टेटमेंट और गवाहों के कथनों का परीक्षण किया। जिसमें आरोपियों ने भूमि को पूर्णत: भारमुक्त बताकर तथ्यों को छिपाया और छलपूर्वक राशि प्राप्त की। इसके आधार पर सिविल लाइन ने समीर चक्रवर्ती, अनिल कुमार विश्वकर्मा, तुषार जोशी, इकबाल खान, बुधराम चक्रवर्ती, विजय डंगर, मनीष कुमार, रविशंकर और हेमन्त कुसरे के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467, 468, 471 और 120-बी के तहत अपराध दर्ज किया गया है।


अन्य पोस्ट