रायपुर

श्रीमद्भागवत महापुराण कथा में उमड़े भक्त
26-Feb-2026 3:37 PM
श्रीमद्भागवत महापुराण  कथा में उमड़े भक्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अभनपुर, 26 फरवरी। समीपस्थ ग्राम बेलर में आयोजित श्रीमद्भागवत महापुराण कथा के सप्तम दिवस पर भगवान श्रीकृष्ण और रुक्मिणी विवाह प्रसंग का वर्णन किया गया। कथा वाचन निरंजन महाराज द्वारा किया गया।

कथावाचक ने प्रसंग का उल्लेख करते हुए बताया कि विदर्भ की राजकुमारी रुक्मिणी ने भगवान श्रीकृष्ण को पति के रूप में स्वीकार किया था।  रुक्मिणी के भाई रुक्मी ने उनका विवाह शिशुपाल से तय किया था, जिसके बाद रुक्मिणी ने एक ब्राह्मण के माध्यम से श्रीकृष्ण को संदेश भेजा। इसके बाद श्रीकृष्ण उन्हें अपने साथ द्वारका ले गए, जहां वैदिक रीति-रिवाजों से विवाह संपन्न हुआ।

कथावाचक ने इस प्रसंग की आध्यात्मिक व्याख्या करते हुए कहा कि रुक्मिणी श्रद्धा और समर्पण का प्रतीक हैं तथा श्रीकृष्ण परमात्मा के स्वरूप माने जाते हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं को भक्ति, विश्वास और धैर्य का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन आयोजित किया गया। अंत में आरती और प्रसाद वितरण हुआ। कथा श्रवण के लिए क्षेत्र के ग्रामीण उपस्थित रहे, जिनमें ईश्वर पटेल, महादेव पटेल, मोहन पटेल, हृदय राम साहू, पुराणिक साहू, करण साहू, दिलीप पटेल, नीतूराम पटेल और आत्माराम साहू सहित अन्य ग्रामीण शामिल थे।


अन्य पोस्ट