रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 25 फरवरी। पुलिस ने कालीबाड़ी के नेहरू नगर इलाके में गांजा पैकिंग फैक्ट्री का खुलासा कर दो तस्करों को पकड़ा है।इनके नाम अब्दुल जाफर, 32 निवासी नेहरू नगर
सुनील जगत, 28 निवासी सुदामा नगर, टिकरापारा बताया गया है। इनसे गांजे के साथ पैकिंग में उपयोगी छोटे बड़े पाउच, पुडिय़ा आदि जब्त किया है। यह काम वे लोग घर की छत पर करते थे। इनसे इलेक्ट्रॉनिक तराजू, मोशन सेंसर समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी बरामद किया है। यह इलाका कुख्यात गिरोह बाज रवि साहू, पवन बनिया का अड्डा है। रवि इस समय जेल में है। कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नेहरू नगर, नरैय्या तालाब क्षेत्र रायपुर में दो व्यक्ति गांजा की पुडिय़ा रखकर बिक्री कर रहे हैं। पुलिस ने तस्करों को पकड़ पूछताछ करने के बाद गांजा पैकिंग कर फुटकर बिक्री के लिए बनाए गए एक हाइडआउट पर दबिश दी। यहां गांजा एवं उससे संबंधित सामग्री जप्त की गई। ये लोग मकान में सीसीटीवी कैमरे, मोशन सेंसर जैसे उपकरण लगाए हुए थे। जिससे किसी के भी आने की आहट सुन और टीवी पर देखकर पलटवार या फरार हो सके। ये लोग यहां छोटे-बड़े पाउच पैकेट में गांजा पैक कर पूरे छत्तीसगढ़ और पड़ोसी राज्यों में पैडलर के जरिए सप्लाई करते थे।


