रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 25 फरवरी। राजधानी के तेलीबांधा इलाके में ऑनलाइन मैट्रिमोनियल साइट के जरिए एक महिला से ठग ने लाखों रूपए ले लिए। काशीराम नगर स्थित शासकीय स्कूल के पास रहने वाली एक महिला से ठगों ने गिफ्ट पार्सल भेजने का झांसा देकर 2.95 लाख े ठग लिए। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ 318-4 का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी मुताबिक काशीराम नगर निवासी प्रीति ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह इवेंट का काम करती है। कुछ समय पहले उसने शादी के लिए शादी डॉट कॉम पर अपना प्रोफाइल बनाया था। जिसमें उसने अपना मोबाइल नम्बर और बायोडाटा दिया था। इसी जानकारी का दुरुपयोग करते हुए साइबर ठगों ने उसे निशाना बनाया।
प्रीति ने बताया कि 3 जनवरी 2026 को उसके मोबाइल नंबर पर एक अंतरराष्ट्रीय नंबर जीबी 44-7473916704 से मैसेज आया। मैसेज में लिखा था कि उसका मोबाइल नंबर शादी साइट से प्राप्त हुआ है। इसके बाद आरोपी ने व्हाट्सअप चैटिंग के जरिए उससे बातचीत शुरू कर दी और खुद को विदेश में रहने वाला बताने लगा। कुछ दिनों की बातचीत के बाद आरोपी ने एक बड़ी डील फाइनल हुई है और खुशी में वह उसे गिफ्ट भेजना चाहता है।
प्रीति ने शुरुआत में पार्सल लेने से मना कर दिया। इसके बाद उसने बातों में फंसा कर भरोसे में ले लिया। इसके कुछ दिन बाद आरोपी ने बताया कि उसने गिफ्ट पार्सल भेज दिया है। जिसके बाद 8 जनवरी को को व्हाट्सअप कॉल आया, जिसमें पार्सल डिलीवरी के नाम पर 10 हजार रुपए जमा करने को कहा गया। महिला ने यूपीआई के माध्यम से 10 हजार रुपए भेज दिए। इसके बाद ठग उसे लगातार नए-नए बहाने बनाकर पैसों की मांग करता रहा।
इसके बाद 9 जनवरी को फिर व्हाट्सअप कॉल कर आरोपी ने कहा कि पार्सल को सीबीआई अधिकारी ने रोक लिया है और उसे छुड़ाने के लिए 50 हजार रुपए देने होंगे। कस्टम अधिकारी के पार्सल रोकने की बात कहकर 80 हजार मांगे गए। इस प्रकार महिला से 2.95 लाख रूपए लिए गए। ठगी होने के शक में महिला ने इसकी शिकायत ऑनलाइन साइबर पोर्टल पर दर्ज कराई।


