रायपुर

विद्युत कंपनी के एप का लिंक भेज 4.95 लाख की ठगी
24-Feb-2026 8:26 PM
विद्युत कंपनी के एप का लिंक भेज 4.95 लाख की ठगी

फ्रांड का पैसा आईसीआईसीआई बैंक खाता में ट्रांसफर हुए

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 24 फरवरी। राजधानी इलाके में एक बार फिर विद्युत कंपनी के नाम से साइबर ठगी का मामला सामने आया है। करण देवांगन से अस्थायी कनेक्शन का बिल आने का झांसा देकर लिंक भेज 4 लाख 95 हजार रुपए की धोखाधड़ी कर ली गई। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ आईटी 66 डी, 318-4 का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आजाद चौक पुलिस के मुताबिक मंगल बाजार गली नंबर 5, थाना आजाद चौक निवासी करण कुमार देवांगन रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह सिलाई का काम करते हैं। उनका कुशालपुर चौक में एक प्लॉट है, जहां मकान निर्माण के लिए अस्थायी बिजली कनेक्शन लगवाने के लिए विभाग में आवेदन किया था। इसी दौरान पड़ोसी मुकेश देवांगन के माध्यम से उनका संपर्क चंगोराभाठा निवासी थानू साहू से हुआ।

20 फरवरी को थानू साहू ने अस्थायी मीटर लगाने के नाम पर प्लॉट की रजिस्ट्री, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो और 8,400 रुपए  लिए। अगले दिन 21 फरवरी को करण कुमार के मोबाइल पर अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। फोन धारक ने खुद को मोर बिजली ऐप से जुड़ा बताते हुए एक लिंक टच करने और आने वाला ओटीपी बताने को कहा। करण ने विभागीय प्रोसेस होने का भरोसा कर मोबाइल पर आई ओटीपी साझा कर दिया। इसके बाद 22 फरवरी को उनके बैंक ऑफ बड़ौदा खाते से 90 हजार, एक-एक लाख रुपए की चार किश्तों और 5 हजार रुपए कट गए। इस प्रकार उसके मोबाइल पर 4 लाख 95 हजार रुपए कटने के मैसेज आया। पैसा कटने की जानकारी मिलते ही करण ने बैंक ऑफ बड़ौदा की भनपुरी शाखा पहुंच खाताकी जानकारी ली। इस दौरान जांच में सामने आया कि उनके खाते से 4 लाख रुपए आईसीआईसीआई बैंक के एक खाते में चार बार में ट्रांसफर किए गए हैं। ठगी का अहसास होने पर करण ने थाना आजाद चौक में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। कॉल डिटेल और बैंक ट्रांजेक्शन के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।


अन्य पोस्ट