रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 24 फरवरी। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने करीब पौने दो घंटे तक के अपने संबोधन में बजट के प्रावधानों को पेश किया। इस दौरान उन्होंने घर पर सपत्नीक अदिति चौधरी के साथ महादेव की पूजा की। फिर अदिति ने बंगले की मिट्टी से ओपी का तिलक किया। इसका उल्लेख उन्होंने अपने संबोधन में भी किया। अदिति के पसंद के कलर वाली जैकेट पहनकर विधानसभा पहुंचे।
भाषण के दौरान उन्होंने एक बार भी पानी नहीं पिया। हालांकि वे कुछेक पंक्तियों में अटके। चौधरी ने टैबलेट के जरिए बजट भाषण पढ़ा। चौधरी ने शुरुआत और समापन भी कविता की पंक्तियों से की।
इस दौरान भाजपा विधायकों ने शुरुआत में तो जोशीले तरीके से मेजें थपथपाई धीरे-धीरे कम होती गई। इस दौरान उनकी आवाज में जोश रहा। विपक्ष की ओर से एक घंटे बाद ही टीका टिप्पणी शुरू हो गई थी। पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कहा एक घंटा हो गया है और कितना समय लेंगे। जो समय का प्रबंधन नहीं कर सकता, वो क्या ही वित्तीय प्रबंधन करेगा। पूर्व वित्त मंत्री अमर अग्रवाल बहिष्कार कर चले गए हैं। अध्यक्ष (किरण सिंह देव) का भी समर्थन नहीं हैं वे कहा गए। चौधरी ने फसल योजना के प्रावधान की जानकारी दी तो कांग्रेस के रामकुमार यादव ने आलू योजना पर टिप्पणी की। इस पर अजय चंद्राकर ने कहा कि आप लोग अब आलू से सोना बनाना। यादव ने क्रिकेट स्टेडियम को लेकर प्रावधान पर कहा कि दो मैच हुए विधायकों को पास नहीं मिले। इस पर श्री चौधरी ने कहा कि फ्री में क्यों मिलना चाहिए। विधायकों को भी आम जनता की तरह टिकट लेकर देखना चाहिए। भाषण के अंत में चौधरी ने बजट से विकास की रफ्तार को सांय सांय होने की बात कही। तो यादव ने छत्तीसगढ़ी में कहा कि सांय सांय देखत हमन आएं बाएं होगे हन।


