रायपुर

शादी में नाचने और रंजिश को लेकर टिकरापारा, डीडी नगर- नेवरा में मारपीट डण्डे से हमला
23-Feb-2026 7:40 PM
शादी में नाचने और रंजिश को लेकर टिकरापारा, डीडी नगर- नेवरा में मारपीट डण्डे से हमला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 23 फरवरी। राजधानी और उससे लगे इलाकों में मारपीट व जानलेवा हमले की घटनाएं हुई हैं। बीते दिनों टिकरापारा, डीडी नगर और नेवरा थाना क्षेत्रों में तीन अलग-अलग वारदातें सामने आई हैं। सभी मामलों में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहली घटना टिकरापारा थाना क्षेत्र के बीएसयूपी कॉलोनी, मठ पुरैना की है। यहां एक शादी समारोह के दौरान डीजे में नाचने की बात को लेकर विवाद हो गया। जानकारी के मुताबिक सुभाष नगर गंज निवासी कांति तांडी के भांजे और भतीजे समारोह में मौजूद थे। इसी दौरान मोहल्ले के बबलू नायक और उसके साथियों से कहासुनी हो गई।

आरोप है कि विवाद बढऩे पर आरोपियों ने हाथ-मुक्कों और किसी ठोस वस्तु से हमला कर दोनों युवकों को घायल कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया है।

दूसरी घटना डीडी नगर थाना क्षेत्र की है। चंगोराभाठा निवासी कमलेश कोर्सेकर पवार भवन के पास था, तभी विष्णु नामक युवक ने उससे जबरन विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि विष्णु ने जान से मारने की धमकी देते हुए डंडे से कमलेश पर हमला कर दिया। हमले में कमलेश के हाथ, पैर और सिर पर चोटें आई हैं। घटना के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।

तीसरा मामला राजधानी से लगे नेवरा थाना क्षेत्र के ग्राम भूरसूदा का है। यहां पुरानी रंजिश को लेकर गांव के दयानंद नायक ने राजेश नायक के साथ विवाद किया और उस पर हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया। पीड़ित राजेश ने नेवरा थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

पुलिस ने तीनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 351-2, 115-2, 3-5 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। संबंधित थाना पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और घटनास्थलों के आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।


अन्य पोस्ट