रायपुर

घर बैठे मुनाफे का झांसा देकर दो लोगों से 13 लाख आनलाइन धोखाधड़ी
22-Feb-2026 7:44 PM
घर बैठे मुनाफे का झांसा देकर दो लोगों से 13 लाख आनलाइन धोखाधड़ी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 22 फरवरी। साइबर ठगों ने घर बैठे मुनाफे का झांसा देकर दो लोगों से अलग अलग 13 लाख रुपए आनलाइन ट्रांसफर कर धोखाधड़ी की। आईटी एक्ट का मामला दर्ज कर साइबर सेल पड़ताल कर रही है।

पहला मामला न्यू राजेन्द्र नगर थाना इलाके का है। महावीर नगर निवासी युवती भारती माधवानी 28 ने कल रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस के अनुसार एक माह पहले 13-14 जनवरी को 9226351579 के कालर ने भारती को काल किया। उसने घर बैठे जाब में कुछ टास्क पूरे करने पर मुनाफे की बात कही। इस पर भारती के हामी भरते ही उसने टेलीग्राम एप्लीकेशन का लिंक भेजा। इसे भारती से अपलोड कराकर उसके एकाउंट से 74999 रूपए अपने खाते में जमा करा लिया। और आज तक न तो जाब वर्क मिला न मुनाफा। ठगे जाने का अहसास होने पर भारती ने कल रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस धारा 66 डी आईटी एक्ट और 318-4 का मामला दर्ज कर पड़ताल कर रही है।

इसी तरह से गोदावरी नगर बोरियाखुर्द निवासी विजय कुमार तिवारी 51 भी ठगों के शिकार हुए। टिकरापारा पुलिस ने बताया कि विजय को 12 को 99453364116 के कालर ने शेयर बाजार में निवेश करने पर अधिक मुनाफे की स्कीम बताया। विजय के इस झांसे में आने पर कालर ने एक लिंक भेजा और अपने बताए खाते में 12.25 लाख रुपए जमा करा धोखाधड़ी की। यह ठगी उसने 23 जनवरी तक की। पहले वह छोटी रकम निवेश करा मुनाफा देता रहा और विश्वास बढ़ाया। इसके बाद उसके झांसे में आए विजय ने इतनी बड़ी रकम ट्रांसफर कर दिया। एक माह तक इसका मुनाफा न आने पर विजय ने शनिवार रात टिकरापारा थाने में धारा 318-4 का अपराध दर्ज कराया।


अन्य पोस्ट