रायपुर

माशिमं की परीक्षाएं शुरू, 12 वीं का पहला पेपर मिला जुला रहा, कल से 10 वीं के
20-Feb-2026 7:36 PM
माशिमं की परीक्षाएं शुरू, 12 वीं का पहला पेपर मिला जुला रहा, कल से 10 वीं के

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 20 फरवरी। छत्तीसगढ़ माशिमं की परीक्षाएं आज से शुरू हो गई । इसमें 2.47 लाख छात्र छात्राएं शामिल हो रहे हैं। शिक्षकों ने तिलक लगाकर बच्चों का परीक्षा हॉल में स्वागत किया गया। और बच्चों ने भी टीचर्स का पैर छूकर आशीर्वाद लिया।

आज 12 वीं भूगोल (ज्योग्राफी) और भौतिक शास्त्र (फिजिक्स)का पेपर था। राजधानी में यह परीक्षा 151 केंद्रों में ली गई। जहां  सुबह 9.05 बजे उत्तर पुस्तिका और 9.10 बजे प्रश्न पत्र वितरित किए गए। और उत्तर पुस्तिकाएं 12.15 बजे वापस ली गई।

 राजधानी के स्कूलों में शिक्षकों ने बताया कि गर्मी को देखते हुए स्कूलों में नींबू पानी, ग्लूकोज और अन्य प्राथमिक उपचार की सामग्री के साथ फर्स्ट एड बॉक्स की भी व्यवस्था की गई थी। पेपर देकर निकले बच्चों ने मिली जुली प्रतिक्रिया में बताया कि पर्चा अच्छा था। जो पढ़ा था उसी में से प्रश्न पूछे गए थे। कुछ ने कहा कि बहुत कठिन भी नहीं और बहुत आसान भी नहीं था पेपर। पहले दिन किसी भी केंद्र में नकल प्रकरण दर्ज नहीं किए गए।

नकल रोकने जांच के बाद विद्यार्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। नकल रोकने उडऩदस्ते तैनात किए गए। यहां तक कि वॉशरूम जाने वाले विद्यार्थियों के पीछे-पीछे भी शिक्षक और अन्य कर्मचारी तैनात थे। कल से 10 वीं की परीक्षाएं शुरू होंगी।

 शिक्षा मंत्री ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया

स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने शुक्रवार को 12 वीं बोर्ड  परीक्षा के पहले दिन दुर्ग स्थित शा. कन्या. शाला परीक्षा केंद्र पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। सभी विद्यार्थियों को  शुभकामनाएं।  उनके साथ माशिमं सचिव श्रीमति पुष्पा साहू एवं स्कूल का स्टॉफ भी रहा।


अन्य पोस्ट