रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 19 फरवरी। राजधानी में युवाओं के लिए भजन क्लबिंग आयोजित किया जा रहा है। इस भव्य आयोजन के पोस्टर का विमोचन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया। श्री साय ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को भारतीय संस्कृति, भक्ति और आध्यात्मिक मूल्यों से जोडऩे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
सामाजिक चेतना मंच के तत्वावधान में यह आयोजन 28 फरवरी को इंडोर स्टेडियम में शाम 6 बजे से आयोजित होगा। इस आयोजन को संस्कृति एवं जनसंपर्क विभाग एवं इस्कॉन का विशेष सहयोग प्राप्त है।
इस कार्यक्रम में माधव राक बैंड फ्यूजऩ शैली में भक्ति संगीत प्रस्तुत कर युवाओं को आध्यात्मिक चेतना से जोडऩे का कार्य करेगा। वहीं इस्कॉन की प्रतिष्ठित कीर्तन मंडलियाँ भी अपनी भक्तिमय प्रस्तुतियों से सामूहिक संकीर्तन करेंगी। इस विशेष अवसर पर फूलों की होली भी खेली जाएगी।
आयोजकों का कहना है कि यह एक ऐसी क्लबिंग होगी, जहां किसी भौतिक नशे का नहीं, बल्कि भक्ति, संगीत और सकारात्मक ऊर्जा का नशा होगा। युवा भक्ति की धुन पर गायन, नृत्य और उत्सव के माध्यम से एक दिव्य और सकारात्मक अनुभव प्राप्त करेंगे।


