रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 18 फरवरी। इन दिनों राजधानी के आधार सेवा केंद्रों के बाहर कार्ड अपडेशन के लिए लंबी कतारें देखी जा रही हैं। बताया जा रहा है कि 5 साल तक के बच्चों के लिए आधार बायोमेट्रिक अपडेट अनिवार्य किए जाने के बाद परिजनों की भीड़ केंद्रों पर उमड़ पड़ी है। सुबह से ही पालक अपने बच्चों को लेकर पहुंच रहे हैं, लेकिन उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
परिजनों का कहना है कि बच्चों का आधार अपडेट कराने स्कूल और कार्यालय से छुट्टी लेकर आना पड़ रहा है, इसके बावजूद काम समय पर नहीं हो पा रहा। कई केंद्रों में सर्वर डाउन की शिकायत है तो कहीं कर्मचारी उपलब्ध नहीं हैं। कुछ स्थानों पर लोगों को एक केंद्र से दूसरे और फिर तीसरे केंद्र तक भटकाया जा रहा है।
पुरानी बस्ती में शिक्षक के साथ बच्चे को लाने की शर्त: पुरानी बस्ती में लगाए गए शिविर में परिजनों को बच्चे और उसके शिक्षक के साथ लाने की बात कही जा रही है। इस शर्त से कई लोग लौटाए जा रहें हैं।
जोन-5 में टोकन व्यवस्था पर सवाल: जोन-5 कार्यालय परिसर में अलग ही स्थिति है। वहां एक महिला कर्मचारी लोगों को एक दिन पहले सुबह 10 से 11 बजे के बीच टोकन लेने को कहती है, जबकि अगले दिन 11 बजे तक कार्यालय में ताला जड़ा रहता है। बताया जा रहा है कि एक दिन में केवल 25 लोगों का ही टोकन काटा जा रहा है। उसके बाद आने वालों को अगले दिन कतार में लगने की सलाह दी जाती है।
पहले टोकन, फिर समाधान
आधार सेवा केंद्र के एक कर्मचारी के मुताबिक, लंबी कतारों को देखते हुए एक दिन पहले टोकन जारी कर अगले दिन बुलाया जा रहा है। इसके बाद भी अगले दिन काम हो जाने की कोई गारंटी नहीं दी जा रही।
कई केंद्रों में सर्वर डाउन
शहर के कई आधार केंद्रों में सर्वर डाउन होने की शिकायत आम हो गई है। लोगों को कभी मुख्य डाकघर, तो कभी श्याम प्लाजा और अन्य स्थानों पर भेजा जा रहा है, जिससे परेशानी और बढ़ रही है। लगातार बढ़ती भीड़ और अव्यवस्थाओं के चलते अभिभावकों में नाराजगी देखी जा रही है।


