रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 18 फरवरी। छत्तीसगढ़ से राज्य सभा की रिक्त हो रही दो सीटों के लिए चुनावों की घोषणा कर दी गई है। ये चुनाव 16 मार्च सोमवार को होंगे। इसके लिए नामांकन 26 फरवरी से 5 मार्च तक होंगे। यह सीटें कांग्रेस के केटीएस तुलसी और फूलोदेवी नेताम का कार्यकाल खत्म होने की वजह से हो रहें हैं। विधानसभा में सदस्य संख्या को देखते हुए इस बार न?ए चुनाव में एक- एक सीट भाजपा, कांग्रेस को मिलेगी। चुनाव एकल संक्रमणिय पद्धति से होंगे।एक एक सदस्य के निर्वाचन के लिए 35-35 विधायकों के वोट (समर्थन) आवश्यक है। भाजपा के पास 54 सदस्य और कांग्रेस के 35 हैं। भाजपा यदि दूसरी सीट पर भी अपना प्रत्याशी उतारती है तो उसे अपने 54 में से शेष बचे 19 के अतिरिक्त 16 विधायकों के वोट की जरूरत होगी। इतनी बड़ी संख्या में क्लास वोटिंग की संभावना नहीं के बराबर है।
इसलिए दोनों दलों के एक एक प्रत्याशी का निर्विरोध चुना जाना तय माना जा रहा है। इसके बाद देश के उच्च सदन में छत्तीसगढ़ से कांग्रेस के तीन और भाजपा के दो सदस्य हो जाएंगे। इस चुनाव के लिए चुनाव आयोग ने विधानसभा के दो अधिकारियों मनीष शर्मा और दिनेश त्रिवेदी को निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया है। नई विधानसभा स्थित समिति कक्ष में चुनाव कराए जाएंगे। ये चुनाव नए विधानसभा भवन में होने वाले पहले चुनाव होंगे।


