रायपुर
ग्रामीणों संग धरना, अनुमति, प्रदूषण और दादागिरी के आरोप
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 18 फरवरी। राजनांदगांव विधानसभा के ग्राम नावागांव में न्यू लुक बायोफ्यूल्स के खिलाफ मंगलवार को ग्रामीणों ने जिला शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार के साथ धरना प्रदर्शन कर कंपनी प्रबंधन और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए।
प्रदर्शन के दौरान शहर अध्यक्ष श्री मुदलियार ने कहा कि कंपनी पाइप लाइन बिछाने का कार्य तो तेजी से कर रही है, लेकिन जब ग्रामीण वैधानिक अनुमति और दस्तावेजों की जानकारी मांगते हैं, तो उनके साथ दादागिरी की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पर्यावरण बोर्ड की अनुमति को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। जिससे स्थानीय लोगों में असंतोष और आशंका बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि उद्योग के चलते खेतों में डस्ट जम रही है। जिससे फसलों और मिट्टी की गुणवत्ता पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। धूल और धुएं के गुबार से ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर भी खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने कंपनी प्रबंधन पर यह आरोप भी लगाया कि अब तक क्षेत्र में पौधरोपण जैसे आवश्यक पर्यावरणीय उपाय नहीं किए गए हैं, जो किसी भी औद्योगिक गतिविधि के साथ अपेक्षित होते हैं। धरना स्थल पर मौजूद जिला पंचायत सदस्य अंगेश्वर देशमुख ने न्यू लुक बायोफ्यूल्स पर लगातार अनियमितता बरतने का आरोप लगाते कहा कि कंपनी की गतिविधियों से ग्रामीणों को प्रदूषण और बीमारी के खतरों की ओर धकेला जा रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि यही स्थिति बनी रही, तो फसलों को गंभीर नुकसान हो सकता है और खेतों की उत्पादकता प्रभावित हो सकती है। श्री देशमुख ने कहा कि ग्रामीणों की चिंता को नजर अंदाज करना किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं होगा।
कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि कंपनी में रोज सैकड़ों ट्रकों की आवाजाही से गांव और आसपास के मार्गों पर आवागमन बाधित हो रहा है। बार-बार पाईप लाइन की दिशा बदलने को लेकर भी सवाल उठाए गए। श्री मुदलियार ने सत्ता पक्ष पर संरक्षण देने का आरोप लगाते कहा कि जिला और पुलिस प्रशासन की निगरानी में ये गड़बडिय़ां हो रही हैं। जिसके गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं।
कांग्रेस ने शासन-प्रशासन से त्वरित और ठोस कार्रवाई की मांग करते चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला, तो ग्रामीणों के साथ कंपनी में तालाबंदी कर आक्रामक प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने भी कंपनी की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई और पारदर्शिता व जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।
इस दौरान निखिल द्विवेदी, जनपद सदस्य मोहनीश धनकर, जनपद सदस्य शुभम् पांडे, जनपद सदस्य सोनू धनकर, सरपंच पूर्णिमा सिवारे, तेज साहू, भूपेंद्र साहू, धर्मेन्द्र साहू, सेलेश साहू, हेमचंद यदु, ईश्वर यादव, राधेश्याम साहू, राजेश यादव, छोटू साहू, सुभाष द्विवेदी, रवि अग्रवाल, मुकेश निर्मलकर, देवचंद टिंकू साहू, देवलाल साहू, मनोहर ठाकुर, लेखराम साहू, योगेश साहू सहित ग्रामीण व अन्य कांग्रेसी मौजूद थे।


