रायपुर

हिस्ट्रीशीटर सूदखोर रोहित तोमर गया जेल, कोतवाली में दर्ज हैं कई मामले
17-Feb-2026 8:00 PM
हिस्ट्रीशीटर सूदखोर रोहित तोमर गया जेल, कोतवाली में दर्ज हैं कई मामले

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 17 फरवरी। हिस्ट्रीशीटर सूदखोर रोहित तोमर को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उस पर वसूली, मारपीट के कई मामले दर्ज हैं। कोतवाली में धारा 327, 384, और 506 के तहत दर्ज मामलों में उसके विरुद्ध वारंट जारी किया गया था। 2019 में दर्ज मामले पर स्थाई वारंट के गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

इससे पहले उसके भाई वीरेंद्र तोमर भी गिरफ्तार किया जा चुका था। 7 माह से  फरारी काट रहे रोहित को जनवरी मध्य में सुप्रीम कोर्ट से कुछ राहत मिली थी। इस संबंध में पुरानी बस्ती पुलिस ने 25 जनवरी को पूछताछ के लिए रोहित को तलब किया था।

इससे पहले रोहित तोमर के खिलाफ राजधानी रायपुर के अलग-अलग थानों में 16 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें चाकूबाजी, मारपीट, हत्या का प्रयास, धमकी, धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। ये मामले तेलीबांधा, कोतवाली पुरानी बस्ती समेत कई थानों में दर्ज हैं।

पिछले साल 8 नवंबर को पुलिस ने रोहित के बड़े भाई रूबी उर्फ वीरेंद्र तोमर को ग्वालियर से गिरफ्तार किया था, लेकिन रोहित तोमर लगातार पुलिस की पकड़ से बाहर था। काफी प्रयासों के बावजूद रायपुर पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर सकी थी।

इसी दौरान रोहित तोमर ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। सुप्रीम कोर्ट ने उसकी गिरफ्तारी पर अस्थायी रोक लगाते हुए उसे पुलिस जांच में सहयोग करने के निर्देश दिए। कोर्ट के आदेश के बाद ही रोहित पुरानी बस्ती थाना पहुंचा और पुलिस के सवालों के जवाब दिए। उसके बाद से पुलिस रोहित से जुड़े मामलों की जानकारी जुटा रही थी  और आज गिरफ्तार कर लिया।


अन्य पोस्ट