रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर/नई दिल्ली, 17 फरवरी। एनटीपीसी ने एक महत्वपूर्ण वैश्विक उपलब्धि हासिल करते हुए प्रतिष्ठित टाइम एशिया पैसिफिक बेस्ट कंपनीज़ 2026 सूची में स्थान प्राप्त किया है।
यह सूची टाइम द्वारा स्टेटिस्टा के साथ साझेदारी में प्रकाशित की जाती है, जो बाजार एवं उपभोक्ता डेटा तथा रैंकिंग का एक अग्रणी अंतरराष्ट्रीय प्रदाता है। Asia-Pacific's Best Companies of 2026 रैंकिंग एशिया-प्रशांत क्षेत्र की शीर्ष प्रदर्शन करने वाली कंपनियों की पहचान करने के लिए एक व्यापक विश्लेषण है। यह रैंकिंग तीन प्रमुख आयामों—कर्मचारी संतुष्टि, वित्तीय प्रदर्शन और स्थिरता पारदर्शिता (ईएसजी)—पर आधारित है।
दुनिया की अग्रणी पावर कंपनी बनने तथा भारत की विकास यात्रा और ऊर्जा परिवर्तन को गति देने की अपनी दृष्टि के अनुरूप, NTPC निरंतर विश्वसनीय, किफायती और सतत ऊर्जा समाधान प्रदान कर रही है। नवाचार, परिचालन दक्षता और जिम्मेदारी की मजबूत भावना से प्रेरित होकर कंपनी देश की प्रगति को किफायती, प्रभावी और पर्यावरण-अनुकूल तरीके से ऊर्जा प्रदान करने प्रतिबद्ध है।
यह प्रतिष्ठित सम्मान एनटीपीसी की उत्कृष्टता की निरंतर खोज और वैश्विक मंच पर उसकी बढ़ती सशक्त उपस्थिति का प्रमाण है। यह पूरे एनटीपीसी परिवार के समर्पण, उत्साह और सामूहिक प्रयासों का उत्सव है, जिनकी साझा दृष्टि और प्रतिबद्धता संगठन को निरंतर नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर कर रही है।
कंपनी ने मानव संसाधन विकास और प्रबंधन के क्षेत्र में निरंतर प्रक्रिया सुधार के माध्यम से एक संवेदनशील, समावेशी और सीखने को प्रोत्साहित करने वाला कार्यस्थल विकसित करते हुए नए मानक स्थापित किए हैं। कर्मचारी कल्याण को प्राथमिकता देते हुए, सहभागिता को बढ़ावा देकर और प्रगतिशील मानव संसाधन नीतियों को व्यावसायिक उद्देश्यों के साथ जोडक़र, एनटीपीसी ने एक सार्थक, सहयोगात्मक और सशक्त कर्मचारी अनुभव निर्मित किया है।


