रायपुर

मेकाहारा में 16 से 23 फरवरी तक सिकल सेल मरीजों के लिए विशेष शिविर
15-Feb-2026 7:36 PM
मेकाहारा में 16 से 23 फरवरी तक सिकल सेल मरीजों के लिए विशेष शिविर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 14 फरवरी। भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय के बाल्य एवं शिशु रोग विभाग द्वारा सिकल सेल रोग से पीडि़़त बच्चों के लिए विशेष दवाई वितरण, स्वास्थ्य जांच एवं न्यूमोकोकल टीकाकरण शिविर का आयोजन किया जा रहा है।

यह शिविर 16 से 23 फरवरी तक विभाग की नियमित ओपीडी समयावधि में संचालित होगा। शिविर के दौरान सिकल सेल से प्रभावित बच्चों को नि:शुल्क दवाइयों का वितरण किया जाएगा। आवश्यक पैथोलॉजिकल व क्लिनिकल जांच की जाएगी। संक्रमण से बचाव के उद्देश्य से न्यूमोकोकल वैक्सीन भी लगाई जाएगी। जो ऐसे मरीजों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जाती है।

विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम मरीजों की विस्तृत जांच कर आवश्यक परामर्श देगी। साथ ही अभिभावकों को सिकल सेल रोग के प्रबंधन, संतुलित पोषण, नियमित दवा सेवन एवं संक्रमण से बचाव संबंधी जरूरी जानकारी भी दी जाएगी।

अस्पताल अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने अभिभावकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों में अपने बच्चों को शिविर में अवश्य लाएं, ताकि समय पर उपचार एवं टीकाकरण सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि यह पहल सिकल सेल रोगियों के बेहतर स्वास्थ्य और जीवन गुणवत्ता में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।


अन्य पोस्ट