रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 15 फरवरी। पुलिस कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना खमतराई पुलिस ने प्रतिबंधित मन: प्रभावी दवाइयों के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 74 नग Nitrosun-10 (Nitrazepam Tablets IP) जप्त की हैं। इसी क्रम में 14 फरवरी 2026 को थाना खमतराई पुलिस को सूचना मिली कि आरव्हीएसएच कॉलोनी छोटापारा क्षेत्र में एक युवक नशीली टैबलेट बेचने की फिराक में है।
पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर युवक को घेराबंदी कर पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मयंक सोनी उर्फ मित (18 वर्ष) पिता बबलू सोनी, निवासी आरव्हीएसएच कॉलोनी छोटापारा थाना खमतराई, रायपुर बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 74 नग नशीला टैबलेट बरामद की गईं। जप्त दवाइयों की कुल कीमत लगभग 528 रुपये आंकी गई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
आरोपी के विरुद्ध थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 97/2026 के तहत धारा 22(ख) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा आरोपी से प्रतिबंधित दवाइयों के स्रोत एवं संभावित नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है।


