रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 13 फरवरी। पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर (भा.पु.से.) के निर्देशन में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुढिय़ारी पुलिस एवं रेलवे पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 17.949 किलोग्राम गांजा के साथ दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है।
12 फरवरी को गुढिय़ारी पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि थाना क्षेत्रांतर्गत रेलवे प्लेटफॉर्म 7 के पास दो व्यक्ति बैग में गांजा रखकर कहीं जाने की फिराक में हैं। सूचना पर गुढिय़ारी पुलिस एवं आर.पी.एफ. की टीम ने मौके पर पहुंचकर मुखबिर के बताए गए हुलिए के आधार पर दोनों संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम राघवेन्द्र सिंह एवं झम्मन सिंह निवासी उत्तर प्रदेश बताया।
बैग से मिला 18 किलो गांजा
तलाशी लेने पर आरोपियों के कब्जे से कुल 17 किलो 949 ग्राम गांजा बरामद किया गया। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त 03 नग मोबाइल फोन भी जप्त किए गए। जप्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत लगभग 9,27,000 रुपये आंकी गई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा से गांजा लाकर उत्तर प्रदेश ले जा रहे थे। आरोपियों के विरुद्ध गुढिय़ारी में अपराध धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी: राघवेन्द्र सिंह, पिता नेत्रपाल सिंह, उम्र 22 वर्ष निवासी-बिछुपुरवा, तहसील अकबरपुर, थाना गजनेर, जिला कानपुर देहात (उ.प्र.), झम्मन सिंह, पिता स्व. महावीर सिंह, उम्र 38 वर्ष निवासी- ग्राम बरानदी, पोस्ट जराली, थाना हरदुआगंज, जिला अलीगढ़ (उ.प्र.)।


